cy520520 Publish time 1 hour(s) ago

महोबा में कार्यक्रम के बहाने छतरपुर की लोक गायिका बुलाया, फिर बनाया हवस का शिकार, आरोपित गिरफ्तार

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/Rape-(3)-1771679862042_m.webp



जागरण संवाददाता, महोबा। कार्यक्रम के बहाने बुलाकर छतरपुर की लोक गायिका के साथ 25 हजार के इनामिया आरोपित ने दुष्कर्म किया। राजीनामा करने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी। पैरवी कर रहे स्वजन से भी गाली गलौज कर उन्हें भी धमकाया गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसके विरुद्ध उप्र व मप्र के विभिन्न थानों में पूर्व से ही मारपीट, दुष्कर्म व छेड़छाड़ के चार मुकदमे दर्ज हैं।


मप्र के छतरपुर जनपद के एक मुहल्ला निवासी 21 वर्षीय युवती शादी समारोह में गाना गाकर भरण पोषण करती है। उसे कार्यक्रम करने के बहाने थाना अजनर क्षेत्र के ग्राम मझगवां खुर्द निवासी रामजी ने बुलाया। वह आठ फरवरी को कार्यक्रम करने आई। लेकिन कार्यक्रम स्थगित होने की बात कहकर रामजी उसे बाइक से अपने साथ ले गया। इसके बाद उसने थाना श्रीनगर क्षेत्र के अंतर्गत मप्र व उप्र के बार्डर के पास उससे छेड़छाड़ के बाद दुष्कर्म किया।

धमकी दी कि यदि किसी को बताया तो जान से मार दिया जाएगा। पीड़िता ने इसकी सूचना थाना श्रीनगर में देकर आरोपित रामजी यादव निवासी ग्राम मझगवां खुर्द के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया। तभी से आरोपित फरार चल रहा था। युवती का आरोप है कि वह उसके साथ किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में था।

18 फरवरी की शाम करीब 6 बजे उसके मोबाइल नंबर पर आरोपित ने दो नंबरों से फोन आया और राजीनामा का दबाव बनाया गया। ऐसा न करने पर गोली मारकर हत्या करने की धमकी दी। जिसकी रिकार्डिंग फोन पर उसके पास उपलब्ध है। उसके भाई व रिश्तेदारों को भी इस मामले की पैरवी करने पर गालियां और धमकी दी। पहले इस मामले में छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया। लेकिन बाद में युवती के बयान और साक्ष्य संकलन के बाद दुष्कर्म की धारा में बढ़ोत्तरी की गई।

आरोपित की गिरफ्तारी के लिए थाना श्रीनगर व एसओजी की टीमें गठित हुईं। थानाध्यक्ष श्रीनगर जयचंद्र सिंह ने बताया कि आरोपित को क्षेत्र के ग्राम ननौरा के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपित के विरुद्ध पूर्व से दुष्कर्म, मारपीट, छेड़छाड़ के कुल चार मुकदमे थाना गढ़ी मलहरा छतरपुर मप्र, श्रीनगर व अजनर में दर्ज हैं। उस पर महोबा एसपी ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था। न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद उसे जेल भेजा गया है।
Pages: [1]
View full version: महोबा में कार्यक्रम के बहाने छतरपुर की लोक गायिका बुलाया, फिर बनाया हवस का शिकार, आरोपित गिरफ्तार