छोटे बेटे को बचाने उस पर लेट गए मां-बाप, हत्यारे ने उन्हें भी मार डाला; बैतूल में पांच वर्षीय मासूम ने सुनाई खौफनाक रात की दास्तान
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/betul-TM-investigation-2154-1771669848843_m.webpबैतूल में तिहरे हत्याकांड की पड़ताल करती पुलिस।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। बैतूल जिले के सावंगा गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात 25 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक ने अपने माता-पिता और छोटे भाई की हत्या कर दी। परिवार को बचाने की कोशिश में पालतू बिल्ली भी मारी गई। युवक ने अपने मासूम भांजे को भी मारने की कोशिश की थी, लेकिन वह किसी तरह बच गया। अब भांजे ने उस रात की दिल दहला देने वाली दास्तान साझा की है।
मासूम की जुबानी मौत की रात
हत्या के चश्मदीद पांच वर्षीय प्रशांत परते के पिता सुखचंद परते के अनुसार, उनका बेटा नाना-नानी के घर रहता था। प्रशांत ने बताया कि बुधवार शाम नानी कमलती धुर्वे रसोई की तैयारी कर रही थीं, तभी आरोपी दीपक ने छोटे भाई दिलीप पर लोहे की सब्बल से हमला कर दिया। बेटे को बचाने के लिए माता-पिता (कमलती और हंसू धुर्वे) उस पर लेट गए, लेकिन आरोपी ने तीनों पर लगातार वार किए।
यह भी पढ़ें- बैतूल में तिहरा हत्याकांड : बेटे ने माता-पिता व छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, भांजे को भी मारने का प्रयास, शवों के पास बैठा रहा आरोपी
बताया गया है कि आरोपी ने तब तक हमला जारी रखा, जब तक तीनों की मौत नहीं हो गई। इस दौरान उसने पांच वर्षीय प्रशांत के चेहरे पर पैर रख दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। उसे मृत समझकर आरोपी आगे बढ़ गया। घर की पालतू बिल्ली जब उस पर झपटी तो उसने उसे भी सब्बल से मार डाला।
कारण बताने में असमर्थ आरोपी
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया के मुताबिक आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की है, लेकिन कारण स्पष्ट नहीं कर पा रहा है। उसकी मानसिक स्थिति असामान्य बताई जा रही है। गुरुवार को उसे जिला चिकित्सालय में रखा गया था। शुक्रवार को न्यायालय में पेशी के बाद अदालत ने उसे ग्वालियर मानसिक आरोग्यशाला भेजने के आदेश दिए।
एक साथ उठीं तीन अर्थियां
शुक्रवार शाम सामाजिक रीति-रिवाज के साथ तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। जब घर के सामने से माता-पिता और बेटे की अर्थियां एक साथ उठीं तो पूरा गांव शोक में डूब गया। परिवार के खेत में ही तीनों को दफनाया गया।
इस हृदयविदारक घटना ने न केवल एक परिवार को खत्म कर दिया, बल्कि पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।
Pages:
[1]