फरीदाबाद में तेज रफ्तार कार ने ली बैंक मैनेजर की जान, कार में सवार थे निजी यूनिवर्सिटी के छात्र
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/Jagran-News-(572)-1771668595847_m.webpहादसे में मरने वाले मृतक का फाइल फोटो। जागरण
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद में सूरजकुंड रोड पर रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज रफ्तार इग्निस कार की टक्कर से स्कूटी सवार बैंक के रीजनल मैनेजर की मौत हो गई।
कार में निजी यूनिवर्सिटी के चार छात्र-छात्राएं सवार बताए जा रहे हैं, एक को छोड़कर बाकी हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। कार भी वहीं छोड़ गए। मृतक युवक का नाम तरुण सिंह था, वे सेक्टर-23 संजय कॉलोनी के रहने वाले थे। उनके पिता की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिता राजा सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि बेटा तरुण सिंह आइसीआइसीआई बैंक में रीजनल मैनेजर के पद पर थे। दोपहर को वह ग्रीन फील्ड कॉलोनी स्थित ओमैक्स सोसायटी में एक क्लाइंट से मिलने गए थे।
मौके पर हुई मौत
इसके बाद वह स्कूटी पर सवार होकर बाहर निकलकर सूरजकुंड रोड पर चढ़े। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार इग्निस कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। तरुण चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने कार में सवार युवक-युवतियों का शराब व ड्रग टेस्ट कराने की मांग की है।
कार ड्राइवर व दो युवतियां मौके से भागे
ग्रीन फील्ड चौकी प्रभारी कृपाराम ने बताया कि कार में चालक के अलावा एक युवक और दो युवतियां थीं। सभी निजी यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी हैं। हादसे के बाद कार चालक व दो युवतियां मौके से भाग गए। उनमें से एक युवक वहीं खड़ा रहा।
यह भी पढ़ें- शकरपुर में बेकाबू किआ सेल्टोस का कहर, फुटपाथ पर खड़े 5 लोगों पर चढ़ाई कार; पुलिस हिरासत में ड्राइवर
वहीं, बताया कि कार रिजुल सतीजा नाम का युवक चला रहा था। कार भी उसी की थी। उसने माना कि कार तेज रफ्तार में थी। प्रभारी कृपाराम ने बताया कि रिजुल सतीजा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
Pages:
[1]