LHC0088 Publish time 1 hour(s) ago

आय से अधिक संपत्ति में पूर्व अपर नगर आयुक्त के घर विजिलेंस का छापा, गाजियाबाद और कानपुर में भी रहे तैनात

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/Raid-Deepak-Krishna-1771666578579_m.webp

पूर्व अपर नगर आयुक्त के फ्लैट पर जांच करती विजिलेंस टीम।



जागरण संवाददाता, आगरा। आय से अधिक संपत्ति मामले में फंसे गाजियाबाद के पूर्व अपर नगर आयुक्त दीपक कृष्ण सिन्हा के घर व फ्लैट पर विजिलेंस टीम आगरा ने रेड की। टीम ने दो दिन तक गाजियाबाद स्थित घर के साथ ही आगरा व कानपुर में भी संपत्ति की जांच की।

तीनों स्थानों पर 191.55 लाख रुपये की संपत्ति चिह्नित की गई है। उनके खिलाफ बीते वर्ष विजिलेंस थाना आगरा में मुकदमा दर्ज कराया गया था। आगरा विजिलेंस टीम ने पहली बार इस तरह की रेड की है।

रेड में आय कर विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस फोर्स मौजूद रहा।

गाजियाबाद में वर्ष 2017 में तैनात रहे पूर्व अपर नगर आयुक्त दीपक कृष्ण सिन्हा के खिलाफ वर्ष 2022 में शासन ने विजिलेंस जांच के आदेश दिए थे। उन पर अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोेप है।

पांच जुलाई 2025 को विजिलेंस थाना आगरा में उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मुकदमा दर्ज किया गया था। आगरा विजिलेंस के इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार व अशोक कुमार के नेतृत्व में टीम ने राजनगर एक्सटेंशन गाजियाबाद स्थित घर पर रेड की।

इसके साथ ही इंस्पेक्टर धर्मवीर व राकेश कुमार के नेतृत्व में दूसरी टीम ने पदम बिजनेस आगरा पार्क व रुबी अपार्टमेंट स्थित फ्लैट पर रेड की। इसके साथ ही कानपुर में भी उनकी संपत्ति की जांच की गई।

18 व 19 फरवरी तक चली जांच में टीम ने उनकी संपत्ति का आंकलन कर उसे चिह्नित किया। एसपी विजिलेंस आलोक शर्मा ने बताया कि पूर्व अपर नगर आयुक्त के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के दर्ज मुकदमे में जांच चल रही है। इसी के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।
रजिस्ट्री में दर्ज कीमतों में भी खेल

जांच टीम के सामने घर व फ्लैट की रजिस्ट्री प्रस्तुत की गई, उसमें पाश कालोनियों में स्थित फ्लैट की रजिस्ट्री कीमत देखकर जांच टीम भी हैरान रह गई। आगरा के प्रमुख पदम बिजनेस आगरा पार्क में 925 वर्ग फीट के फ्लैट की कीमत 29.60 लाख रुपये बताई गई।

पुष्पांजलि सोसाइटी स्थित रुबी अपार्टमेंट हरीपर्वत में 93 वर्ग मीटर के फ्लैट की कीमत सिर्फ 6.25 लाख रुपये, विष्णुपुरी कानपुर क्षेत्र में स्थित 1220 वर्ग मीटर के फ्लैट की कीमत महज 8.58 लाख रुपये, वैभव खंड इंद्रापुरम गाजियाबाद में स्थित 166 वर्गमीटर के फ्लैट की कीमत 90.42 लाख रुपये रजिस्ट्री के आधार पर बताई गई।

सभी भूखंड की कुल कीमत 134.85 लाख व जेवरों की कीमत 54.70 लाख रुपये बताई गई है। कुल संपत्ति 191.55 लाख रुपये की बताई गई है। जांच टीम ने दर्शाई गई कीमतों पर आपत्ति जताते हुए जांच की बात कही है।
1.81 करोड़ का अधिक मिला था व्यय

विजिलेंस की ओर से पूर्व में की गई जांच में 1.81 करोड़ रुपये का व्यय अधिक पाया गया था। जांच की निर्धारित अवधि में 1.46 करोड़ रुपये की आय वैध साधनों से अर्जित पाई गई थी। जबकि व्यय 3.28 करोड़ रुपये के करीब पाया गया था।
Pages: [1]
View full version: आय से अधिक संपत्ति में पूर्व अपर नगर आयुक्त के घर विजिलेंस का छापा, गाजियाबाद और कानपुर में भी रहे तैनात