cy520520 Publish time 1 hour(s) ago

अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी 22 फरवरी को आएंगे भागलपुर, पीरपैंती पावर प्रोजेक्ट का करेंगे निरीक्षण

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/adani-1771664233431_m.webp

गौतम अडानी का भागलपुर दौरा



जागरण संवाददाता, भागलपुर। अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी 22 फरवरी को पीरपैंती स्थित ताप विद्युत परियोजना स्थल का दौरा करेंगे। उनका कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक निर्धारित है। इस दौरान वे हेलीकॉप्टर से परियोजना परिसर में बने हेलीपैड पर उतरेंगे और वहीं से प्रस्थान भी करेंगे। इसको लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क हो गया है।

परियोजना प्रबंधन की ओर से जिला प्रशासन को पत्र भेजकर प्रशासनिक व सुरक्षा सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती

पीरपैंती थर्मल पावर के परियोजना प्रमुख राजीव गोयल ने कहा है कि वीवीआईपी दौरे को देखते हुए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती आवश्यक है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

पत्र में एक क्रिटिकल केयर एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, मेडिकल टीम और हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग के लिए स्मोक कैंडल समेत सभी जरूरी आपातकालीन इंतजाम उपलब्ध कराने की मांग की गई है।
हेलीकॉप्टर की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सशस्त्र बल

इधर जिला प्रशासन ने एसएसपी को पत्र लिखकर पीरपैंती थर्मल पावर प्रोजेक्ट साइट स्थित हेलीपैड और हेलीकॉप्टर की सुरक्षा के लिए पर्याप्त सशस्त्र बल, लाठी बल और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने को कहा है। विधि-व्यवस्था के अपर समाहर्ता और जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कहलगांव एसडीओ और एसडीपीओ को पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। वहीं सिविल सर्जन को मेडिकल टीम, एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जानें परियोजना के बारे में

पीरपैंती में 2,400 मेगावाट का कोयला आधारित (सुपर क्रिटिकल) बिजली संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। अडानी पावर लिमिटेड द्वारा बनाए जा रहे परियोजना में 800 मेगावाट की तीन इकाइयां (3x800 मेगावाट) शामिल हैं। यह लगभग 21,400 करोड़ रुपये के निवेश के साथ राज्य का एक प्रमुख ऊर्जा प्रोजेक्ट है।
Pages: [1]
View full version: अडानी समूह के अध्यक्ष गौतम अडानी 22 फरवरी को आएंगे भागलपुर, पीरपैंती पावर प्रोजेक्ट का करेंगे निरीक्षण