cy520520 Publish time 1 hour(s) ago

पैदल यात्रियों को प्राथमिकता: चिन्हित स्थलों पर बनेंगे फुटओवर ब्रिज, एस्केलेटर और अंडरपास

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/exeletar-1771659645769_m.webp

चिन्हित स्थलों पर बनेंगे फुटओवर ब्रिज, एस्केलेटर और अंडरपास



राज्य ब्यूरो, पटना। सड़क पर पैदल चलने वाले लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए राज्य सरकार ने बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को अपने एक्स हैंडल पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां फुटओवर ब्रिज, एस्केलेटर और अंडरपास बनाए जाएंगे। संबंधित अधिकारियों को इस दिशा में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। सड़क सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए योजना तैयार की जा रही है। उद्देश्य है कि पैदल यात्रियों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवागमन का अधिकार मिले।
शहरी क्षेत्रों में फुटपाथ और जेब्रा क्रॉसिंग पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के शहरी क्षेत्रों में विशेष रूप से व्यस्त स्थानों पर फुटपाथ निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही चिन्हित स्थलों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

इससे सड़क पार करने वाले लोगों को सुरक्षित मार्ग मिल सकेगा। वाहन चालकों को भी पैदल यात्रियों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। सरकारी और निजी वाहन चालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाए जाएंगे। ताकि सड़क पर अनुशासन और संवेदनशीलता बढ़ाई जा सके।
ब्लैक स्पॉट की पहचान और निगरानी

ग्रामीण और शहरी दोनों इलाकों में अधिक दुर्घटना संभावित स्थानों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित किया जाएगा। इन जगहों पर फुटपाथ निर्माण और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

सीसीटीवी से निगरानी कर दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना है। पैदल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। परिवहन विभाग को इस संबंध में विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
बढ़ते वाहनों के बीच पैदल यात्रियों का अधिकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार तेज गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। राज्य में दोपहिया और चारपहिया वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे सड़कों पर भीड़ और जोखिम दोनों बढ़े हैं।

ऐसे में पैदल चलने वाले लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़क पर सुरक्षित और सम्मानपूर्वक चलना पैदल यात्रियों का पहला अधिकार है। सरकार का प्रयास है कि किसी भी नागरिक को सड़क पर चलने में भय या परेशानी न हो।
Pages: [1]
View full version: पैदल यात्रियों को प्राथमिकता: चिन्हित स्थलों पर बनेंगे फुटओवर ब्रिज, एस्केलेटर और अंडरपास