दिल्ली में निर्माणाधीन फैक्ट्री में हादसा, दीवार-मिट्टी धंसने से दो श्रमिकों की मौत; सवालों के घेरे में ठेकेदार
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/Jagran-News-(564)-1771652656677_m.webpएआई जनरेटेड
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। बाहरी दिल्ली के नरेला में निर्माणाधीन साइट पर लापवारी ने दो श्रमिकों की जान ले ली। भोरगढ़ में एक निर्माणाधीन फैक्ट्री के बेसमेंट में काम करते समय दो श्रमिक दीवार व मिट्टी के नीचे दब गए। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि मौके की जांच में ढीली मिट्टी और असुरक्षित अस्थाई ढांचे (टेम्पररी स्ट्रक्चर) गिरने की पुष्टि हुई, जो कंस्ट्रक्शन साइट पर लापरवाही का संकेत है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ठेकेदार/फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका और जिम्मेदारी की जांच की कर रही है।
यह हादसा शुक्रवार मध्याह्न नरेला औद्योगिक क्षेत्र में भोरगढ़ फेज-II, काली माता मंदिर के पास निर्माणाधीन साइट पर हुआ।
मृतकों की हुई पहचान
उत्तरी-बाहरी दिल्ली जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस को दो लोगों को बेहोशी की हालत में नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराए जाने की सूचना मिली। पुलिस को अस्पताल से दोनों की मौत की जानकारी मिली। मृतकों की पहचान अजय (25) और राम मिलन (45) निवासी बी-ब्लाक, सेक्टर-4, बवाना के रूप में हुई।
घटना दोपहर में हुई
चश्मदीद रामपाल अहिरवार के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 12:15 बजे फैक्ट्री नंबर एल-246/247, भोरगढ़ फेज-II, काली माता मंदिर के पास हुई, जहां कंस्ट्रक्शन के काम के दौरान ढीली मिट्टी और एक नाले के पास एक टेम्पररी स्ट्रक्चर/दीवार गिर गई, जिससे दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नरेला औद्योगिक थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) और 290 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है और ठेकेदार व फैक्ट्री प्रबंधन की भूमिका की जांच की जा रही है। बताया जाता है कि हादसे के वक्त 3-4 श्रमिक और काम कर रहे थे।
Pages:
[1]