गुरुग्राम में डिवाइडर से टकराकर तेज रफ्तार मर्सिडीज कार पलटी, हादसे की वजह से यातायात प्रभावित
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/Gurugram-News-1771646804385_m.webpगुरुग्राम में प्रेम मंदिर के पास तेज रफ्तार मर्सिडीज कार पलटी। जागरण
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला जब एक मर्सिडीज कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद सड़क पर पलट गई। हादसा ओल्ड रेलवे रोड स्थित प्रेम मंदिर के सामने शुक्रवार सुबह करीब छह बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार दिल्ली के द्वारका निवासी राजेश गोदारा मर्सिडीज कार से अपने घर भरथल (दिल्ली) जा रहे थे। उन्होंने बताया कि वह अपनी मौसी के घर गुरुग्राम गांव आए हुए थे और सुबह लौट रहे थे।
प्रेम मंदिर के पास अचानक एक व्यक्ति सड़क पार करने लगा। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक ने वाहन मोड़ा, जिससे कार का संतुलन बिगड़ गया और तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि चालक को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और अचानक सामने आए व्यक्ति को बचाने के दौरान वाहन का अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर लगेंगे शॉक एब्जॉर्बर, झाड़सा हादसे के बाद एंट्री-एग्जिट कॉर्नर कर रहे सुरक्षित
Pages:
[1]