deltin33 Publish time 2 hour(s) ago

बिहार में न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए साल भर जल की उपलब्धता की योजना बनेगी, इन जिलों में स्थलों का किया गया सर्वे

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/21/article/image/bihar-bijli-1771624702003_m.webp

सांकेतिक तस्वीर



राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को पूरे साल जल की उपलब्धता रहे इस संबंध में बिजली कंपनी के स्तर से योजना बनेगी। जल की व्यवस्था के संबंध में शुक्रवार को बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता मे एक बैठक आयोजित की गयी।

बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महेंद्र कुमार, न्यूक्लियर पावर कार्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआईएल) तथा (एनटीपीसी) के वरिष्ठ अधिकारी, जल संसाधन विभाग के प्रतिनिधियों सहित अन्य वरीय अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

यह निर्णय लिया गया कि न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए वर्ष भर जल उपलब्धता और जल स्रोत अवसंरचना की योजना बनाई जाए। बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (बीएसपीजीसीएल) द्वारा स्थलों का निरीक्षण कर जल संसाधन विभाग (बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण, सिंचाई सृजन) के साथ परामर्श किया गया है। अन्य विकल्पों का विभागीय स्तर पर मूल्यांकन किया जा रहा है।

ऊर्जा सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार परियोजना के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए वर्ष भर सुनिश्चित जल आपूर्ति और तकनीकी रूप से उपयुक्त स्थल उपलब्ध हो।

बिहार सरकार का उद्देश्य राज्य में सुरक्षित और पर्यावरणीय दृष्टि से संतुलित ऊर्जा उत्पादन सुनिश्चित करना है। न्यूक्लियर पावर प्लांट परियोजना के लिए संभावित स्थलों पर प्रारंभिक सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। बांका जिले के शंभूगंज और भितिया क्षेत्रों में सर्वेक्षण किया गया है।

इसके अतिरिक्त नवादा जिले के रजौली और सिवान जिले में प्रारंभिक सर्वेक्षण किया गया। बैठक के दौरान एनपीसीआईएल और एनटीपीसी की टीम ने परियोजना के लिए संभावित स्थलों की संभावनाओं पर संक्षिप्त ब्योरा दिया। सीवान जिले में प्रारंभिक सर्वेक्षण और भू-आकलन का कार्य भी प्रगति पर है।
Pages: [1]
View full version: बिहार में न्यूक्लियर पावर प्लांट के लिए साल भर जल की उपलब्धता की योजना बनेगी, इन जिलों में स्थलों का किया गया सर्वे