LHC0088 Publish time Yesterday 22:56

नीट छात्रा मौत मामला: सीबीआई ने तेज की जांच, परिजनों और पुलिस के बयानों का हो रहा मिलान

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/cbi-1771608198095_m.webp

सांकेतिक तस्वीर



राज्य ब्यूरो, पटना। नीट छात्रा मौत मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) ने जांच की रफ्तार तेज कर दी है। सूत्रों के अनुसार, मृत छात्रा के भाई और मामा के बयान दर्ज करने के बाद एजेंसी अब दोनों के बयानों में समानता और अंतर का बारीकी से आकलन कर रही है।

जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश में हैं कि घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों को लेकर किसके बयान में क्या तथ्य सामने आए हैं और उनमें कोई विरोधाभास तो नहीं है।

इसी कड़ी में पटना के कदमकुआं और चित्रगुप्त नगर थानों के संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के बयान भी दर्ज किए गए थे जिनका भी आकलन हो रहा है। एजेंसी यह जांच रही है कि स्थानीय स्तर पर पुलिस ने शुरुआती जांच में क्या कदम उठाए थे और किन-किन बिंदुओं को रिकार्ड किया गया था। पुलिस अधिकारियों के बयानों का मिलान परिजनों के बयान और उपलब्ध दस्तावेजों से किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार मृतका के मामा से पूछताछ के बाद सीबीआइ की टीम शुक्रवार को गया पहुंची, जहां मामी से भी कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे गए। परिवार के सदस्यों से घटना की पृष्ठभूमि, छात्रा की मानसिक स्थिति, परीक्षा से जुड़े दबाव और घटना के दिन की परिस्थितियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली गई है।

सीबीआई अब तक जुटाए गए सभी बयानों, काल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है। जांच एजेंसी का उद्देश्य यह स्पष्ट करना है कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसमें किसी तरह की लापरवाही या दबाव की भूमिका रही।
नीट छात्रा के स्वजन ने घर पर लगाया सीसीटीवी

संवाद सहयोगी, रतनी फरीदपुर (जहानाबाद)। नीट छात्र की संदिग्ध मौत के बाद स्वजन लगातार दहशत में जी रहे हैं। लगातार मिल रहीं धमकियों से सहमे स्वजन ने शुक्रवार को लगभग 30 हजार रुपये खर्च कर घर में सीसीटीवी लगवाए हैं।

नीट छात्रा की मौत की घटना लगभग डेढ़ माह पूर्व की है। पहले इस घटना की जांच एसआइटी द्वारा की जा रही थी। सरकार की पहल पर अब इस घटना की जांच सीबीआइ द्वारा कराई जा रही है।

इधर एक सप्ताह में पांच दिनों के भीतर परिवार को दो बार धमकी भरा पर्चा मिल चुका है। स्वजन के अनुसार किचन की खिड़की पर पर्चा रखा मिला, जिसमें पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी।

मामले में प्रशासन ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। सुरक्षा के मद्देनजर पिछले लगभग 15 दिनों से एक एसआइ, दो होमगार्ड और एक चौकीदार को घर पर तैनात किया गया है।
Pages: [1]
View full version: नीट छात्रा मौत मामला: सीबीआई ने तेज की जांच, परिजनों और पुलिस के बयानों का हो रहा मिलान