Chikheang Publish time 2 hour(s) ago

सोनीपत में बैठकर अमेरिका में कर रहे थे ठगी, दिल्ली के शातिर ठग ने बुना था जाल; 20 गिरफ्तार

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/call-center-1771600807760_m.webp

कालसेंटर में छापेमारी के दौरान हिरासत में लिए गए कर्मचारी। जागरण



जागरण संवाददाता, राई (सोनीपत)। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने कुंडली औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में चलाए जा रहे एक फर्जी काॅल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। काॅल सेंटर के शातिर खुद को माइक्राेसाॅफ्ट कंपनी के कर्मचारी बताकर अमेरिकी नागरिकों को ठगते थे। गुरुवार रात करीब नौ बजे से शुरू हुई छापामार दस्ते की कार्रवाई शुक्रवार तड़के चार बजे तक चली।
मुख्य संचालक रहता है दिल्ली में

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वहां काम कर रहे 20 लोगों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में लैपटाॅप, हेडफोन व अन्य सामान बरामद किया है। जांच में पता चला कि काॅल सेंटर के सुपरवाइजर अक्षय अरोड़ा और राहुल मुंजाल हैं, जबकि मुख्य संचालक दिल्ली के जनकपुरी का आशीष गाबा है, जो अभी फरार है। एसआई सतपाल ने कुंडली थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
16 लड़के व चार लड़कियां काम करते मिले

सीएम फ्लाइंग के एसआई ने कुंडली थाने में दी शिकायत में बताया कि कुंडली औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-57 की फैक्ट्री नंबर 394 में अवैध कालसेंटर पर छापा मारा गया। कार्रवाई के दौरान वहां से 16 लड़के व चार लड़कियां मिलीं। सभी कानों पर हेडफोन लगाए अंग्रेजी में बातचीत कर रहे थे। सभी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उनमें अक्षय अरोड़ा और राहुल मुंजाल ने बताया कि वे दोनों काॅल सेंटर के सुपरवाइजर हैं।
माइक्रो एसआईपी का करते थे इस्तेमाल

सेंटर का संचालक दिल्ली के जनकपुरी का रहने वाला आशीष गाबा है, अभी फरार है। मामले की जांच में पाया गया कि काॅल सेंटर में काम करने वाले शातिर खुद को माइक्रोसाॅफ्ट कंपनी के कर्मचारी बनकर तकनीकी सहायता के नाम पर अमेरिकी लोगों को ठगते थे। माइक्रो एसआईपी की सहायता से ग्राहक से संपर्क साधा जाता था।
ईमेल आईडी व बैंक खाते की जानकारी लेते

संपर्क करने के बहाने सेंटर के कर्मचारी संबंधित व्यक्ति की जानकारी, ईमेल आईडी व बैंक खाते की जानकारी हासिल कर लेते थे। ये सारी जानकारी काॅल सेंटर के संचालक आशीष गाबा को भेज दी जाती थी। इसके बाद आगे का काम आशीष गाबा संभालता था। पुलिस को मौके से 26 लैपटाॅप, 26 मोबाइल फोन, 21 चार्जर, 16 हेडफोन और एक वाई-फाई राउटर बरामद किया है।
वेतन के साथ कमाई का पांच प्रतिशत कमीशन

गिरफ्तार लोगों में अधिकांश लोग दिल्ली के रहने वाले हैं। एक पूर्वोत्तर मूल की लड़की भी शामिल है। काॅल सेंटर के सुपरवाइजरों ने पुलिस को बताया है कि यहां कार्यरत कर्मचारियों को 45 हजार रुपये मासिक वेतन और ग्राहक फंसाने से हुई कमाई में तीन से पांच प्रतिशत कमीशन भी दिया जाता था।

काॅल सेंटर के आस-पास फैक्ट्रियों में काम करने वाले लोगों ने बताया कि यहां पर रात को अमूमन आठ बजे काम शुरू होता था जो कि रात 12 बजे तक चलता रहता था। इसमें काम करने वाले लोगों को गाड़ियों में लाया और ले जाया जाता था। यह सेंटर काफी दिनों से चल रहा था।
किराये की बिल्डिंग में चल रहा था धंधा

काॅल सेंटर को कुंडली औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर-57 फेज-4 स्थित स्थित 394 फैक्ट्री में प्रथम तल पर किराये की बिल्डिंग में चलाया जा रहा था। बिल्डिंग किसी जलसिंह दहिया की है, उसी ने बिल्डिंग के एक हिस्से को जनकपुरी के आशीष गाबा को किराये पर दे रखा था। एचएसआईआईडी द्वारा यह जगह जोगिंद्र सिंह को उर्जा टेक प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर अलाॅट की गई थी।

वर्ष 2016 में जलसिंह दहिया और उसकी पत्नी रेनू दहिया की इस प्राॅपर्टी में 50-50 प्रतिशत की हिस्सेदारी है। नियमों के अनुसार, ऑनरशिप के बदले जाने या किराये पर दिए जाने पर एचएसआईआईडीसी को तुरंत सूचित किया जाता है, लेकिन विभाग को न तो ऑनरशिप में चेंज और न ही औद्योगिक इकाई को किराये पर दिए जाने संबंधी कोई सूचना उपलब्ध करवाई गई है।

ऐसे मामलों में विभाग के नियमानुसार संबंधित इकाई के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का प्रविधान है। काॅल सेंटर के संबंध में लोकल पुलिस भी अंजान थी। कुंडली थाना प्रभारी सेठी मलिक ने बताया कि केस दर्जकर मामले की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- सोनीपत में तेल माफिया का बड़ा खेल, टीनशेड के नीचे पक्की सुरंग बनाकर IOCL का तेल कर रहे थे चोरी

यह भी पढ़ें- सोनीपत में पहली बार गूंजेगी त्रिपुरा सुंदरी, अवध-असम और अंडमान एक्सप्रेस की सीटी; यह रेल मार्ग रहेगा प्रभावित

यह भी पढ़ें- अब नए रूप में दिखेगा सोनीपत रेलवे स्टेशन, होली के बाद यात्रियों को मिलेंगी हाईटेक सुविधाएं

यह भी पढ़ें- सोनीपत में सीएम फ्लाइंग ने अवैध कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया, चार युवतियां समेत 20 लोग गिरफ्तार
Pages: [1]
View full version: सोनीपत में बैठकर अमेरिका में कर रहे थे ठगी, दिल्ली के शातिर ठग ने बुना था जाल; 20 गिरफ्तार