Indian Railways : ग्रुप बी पदों पर प्रमोशन के लिए विभागीय प्रतियोगी परीक्षा तिथि बदली, क्या है रेलवे बोर्ड का नया अपडेट?
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/Railway-Group-B-Promotion-Departmental-Exam-Dates-1771589150615_m.webpरेलवे ग्रुप बी परीक्षा की तिथि बदली, अब परीक्षा मार्च में नहीं अप्रैल में होगी।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। भारतीय रेलवे में ग्रुप ‘बी’ पदों पर प्रमोशन का इंतजार कर रहे कर्मचारियों के लिए एक बड़ा अपडेट आया है। रेलवे बोर्ड ने विभागीय प्रतियोगी परीक्षा की तारीखों में बदलाव कर दिया है। पहले यह परीक्षा आठ मार्च को आयोजित होने वाली थी, लेकिन अब बोर्ड ने इसे स्थगित करते हुए अप्रैल के महीने में कराने का फैसला लिया है।
रेलवे बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर का नया आदेश
रेलवे बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर मनदीप कुमार द्वारा जारी नए आदेश के अनुसार, अब यह मुख्य परीक्षा दो अलग-अलग तारीखों पर आयोजित की जाएगी। बोर्ड ने तय किया है कि परीक्षा 12 और 19 अप्रैल को होगी। इसमें व्यवस्था यह रखी गई है कि प्रत्येक विभाग के आधे यानी 50 प्रतिशत उम्मीदवार पहली तारीख को परीक्षा देंगे और बाकी बचे हुए आधे उम्मीदवार दूसरी तारीख को शामिल होंगे। सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि नई तिथियों पर ही परीक्षा होगी।
आरआरबी अजमेर को जानकारी भेजें
इसके लिए सभी रेलवे जोन और उत्पादन इकाइयों को निर्देश दिया गया है कि वे 15 दिनों के भीतर उम्मीदवारों का बंटवारा कर उनकी जानकारी आरआरबी अजमेर को भेज दें ताकि परीक्षा केंद्रों का इंतजाम समय पर हो सके।
2025-26 में खाली होने वाले पदों को भरने की तैयारी
यह पूरी प्रक्रिया 2025-26 के तहत खाली होने वाले पदों को भरने के लिए की जा रही है, जिसमें जून 2027 तक की संभावित रिक्तियों को भी शामिल किया गया है। इसका मतलब है कि आने वाले समय में बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों को अधिकारी बनने का मौका मिलने वाला है।
परीक्षा परिणाम 11 को होगा घोषित
परीक्षा का परिणाम आरआरबी अजमेर द्वारा 11 मई तक घोषित कर दिया जाएगा। इसके बाद, सभी जोन और उत्पादन इकाइयों द्वारा प्रमोशन के लिए सफल उम्मीदवारों की अंतिम सूची यानी फाइनल पैनल आठ जून तक तैयार कर लिया जाएगा। रेलवे के विभिन्न जोनों और उत्पादन इकाइयों से इस बार लगभग 1.75 लाख (1,75,000) ग्रुप ‘सी’ के रेल कर्मचारी इस परीक्षा में शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें- वही तेंदुआ लौटा है या फिर दूसरा आया... प्रयागराज के गंगापार इलाके में कयासबाजी के बीच दहशत में ग्रामीण
यह भी पढ़ें- प्रयागराज के ऐतिहासिक खुसरोबाग की दीवार की नींव खोखली कर रहे चूहे, ASI बिलों को बंद कराने की कर रहा जुगत
Pages:
[1]