गुस्से में सड़क पर उतरे लोग : सुपौल से हाटे-बजारे एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन जल्द शुरू करें, ओवरब्रिज भी चाहिए
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/Supaul-Railway-Demands-Laxman-Jha-Leads-Protest-for-Services-1771584130737_m.webpसुपौल रेलवे जंक्शन के पास रेल परिचालन की मांग को लेकर किया प्रदर्शन।
जागरण संवाददाता, सुपौल। बिहार प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव एवं जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण कुमार झा ने शुक्रवार को समर्थकों के साथ सुपौल रेलवे स्टेशन परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने रेल मंत्री के नाम संबोधित पांच सूत्री मांग पत्र स्टेशन प्रशासन के माध्यम से समर्पित किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए लक्ष्मण झा ने कहा कि जिले के साथ रेल विभाग द्वारा लगातार उपेक्षापूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उनका आंदोलन व्यापारी, छात्र, नौकरीपेशा, मजदूर और बेरोजगार युवाओं के हित में है।
उन्होंने विशेष रूप से मांग की कि सुपौल से हाटे-बजारे एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन जल्द शुरू किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को सीधी रेल सेवा मिल सके और व्यापार को बढ़ावा मिले। इसके अलावा गढ़ बरुआरी और सुपौल की बंद पड़े माल गोदामों को पुनः चालू किया जाए, जिससे व्यापारियों को सुविधा और युवाओं को रोजगार का अवसर प्राप्त हो।
लक्ष्मण झा ने कहा कि सुपौल–झखराही रेलवे ढाला और गढ़ बरुआरी प्लेटफार्म पर प्रस्तावित ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र कराना चाहिए, ताकि यात्रियों को जाम और दुर्घटनाओं से राहत मिले। इसके साथ ही एकमा रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म ऊंचीकरण, पश्चिम दिशा में सड़क निर्माण के लिए एनओसी जारी किया जाना चाहिए और दलित एवं महादलित बस्ती के पास रेलवे लाइन किनारे सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि वैशाली एक्सप्रेस और जोगबनी एक्सप्रेस का ठहराव गढ़ बरुआरी स्टेशन पर दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पूर्व में मंडल रेल प्रबंधक द्वारा फरवरी तक स्टापेज देने का आश्वासन मिला था, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
विरोध प्रदर्शन में संजय सिंह, मुन्ना सिंह, संगीता देवी, अर्चना कुमारी, शबनम कुमारी, सरोज देवी, सुनील कुमार, मनोज कुमार, मालती कुमारी, अशोक कुमार, राजू कुमार, कुंदन कुमार, शत्रुघ्न, मनोज पासवान और मो. उस्मान सहित कई युवा कार्यकर्ता मौजूद थे।
लक्ष्मण झा ने बताया कि जिले की जनता लगातार रेल सुविधाओं के अभाव से परेशान है और इसे जल्द सुलझाना रेल विभाग की जिम्मेदारी है। प्रदर्शन के माध्यम से उन्होंने यह स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो युवाओं और व्यापारियों के हित में और भी बड़े आंदोलन किए जाएंगे।
Pages:
[1]