पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की बड़ी चूक; आठवीं विज्ञान प्रश्नपत्र में पंजाबी अनुवाद गायब, छात्रों को हुई परेशानी
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/paper-1771576108516_m.webpपरीक्षा दे रहे छात्र। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में शुक्रवार को गंभीर लापरवाही सामने आई। 20 फरवरी 2026 को आयोजित विज्ञान विषय के प्रश्नपत्र में प्रश्न संख्या 28, 29 और 30 का पंजाबी माध्यम में अनुवाद मुद्रित नहीं हुआ। इस चूक के कारण परीक्षा केंद्रों पर बैठे पंजाबी माध्यम के विद्यार्थियों को असमंजस की स्थिति का सामना करना पड़ा।
परीक्षा शुरू होने के कुछ समय बाद ही केंद्र अधीक्षकों को इस त्रुटि की जानकारी मिली। कई विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र में पंजाबी अनुवाद न होने की शिकायत की। इसके बाद बोर्ड की अकादमिक शाखा ने तुरंत निर्देश जारी किए कि संबंधित तीनों प्रश्नों का अंग्रेजी या हिंदी से पंजाबी में मौके पर ही अनुवाद कर विद्यार्थियों को लिखवाया जाए।
यह भी पढ़ें- नूरा सिस्टर्स के पिता गुलशन वीर किडनी फेलियर से जूझे; छह दिन इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी
https://smart-cms-bkd-static-media.jnm.digital/jagran-hindi/images/2026/02/20/template/image/PSEB-1771576516489.jpg
बोर्ड की तरफ से जारी आदेश।
शिक्षकों ने अनुवाद छात्रों को करवाया उपलब्ध
आदेश मिलते ही केंद्रों पर तैनात शिक्षकों ने प्रश्नों का अनुवाद कर छात्रों को उपलब्ध करवाया, ताकि परीक्षा प्रक्रिया बाधित न हो। हालांकि, इस बीच कई केंद्रों पर कुछ समय के लिए भ्रम की स्थिति बनी रही। अभिभावकों का कहना है कि बोर्ड परीक्षा जैसे संवेदनशील मामले में इस प्रकार की गलती छात्रों के मानसिक दबाव को बढ़ा सकती है।
शिक्षकों ने भी इसे गंभीर प्रशासनिक चूक बताया। उनका कहना है कि प्रश्नपत्र छपाई से पहले कई स्तरों पर जांच होती है, फिर भी इस तरह की त्रुटि होना चिंता का विषय है। परीक्षा के दौरान अनुवाद करवाने की प्रक्रिया से विद्यार्थियों का समय भी प्रभावित हुआ।
यह भी पढ़ें- हरियाणा MLA मामन खान को लॉरेंस बिश्नोई और रोहित गोदारा गैंग से खतरा, कोर्ट से मांगी सुरक्षा
मामले की आंतरिक जांच शुरू
बोर्ड सूत्रों के अनुसार मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है। जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी गलती न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। गौरतलब है कि आठवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा राज्य भर में एक साथ आयोजित की जाती है और हजारों विद्यार्थी इसमें शामिल होते हैं।
ऐसे में प्रश्नपत्र में भाषा संबंधी त्रुटि ने बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल परीक्षा पूरी हो चुकी है, लेकिन इस घटना ने शिक्षा विभाग के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है।
यह भी पढ़ें- तरनतारन में नर्सिंग छात्रा ने की आत्महत्या; यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर लगे आरोप, पुलिस ने फोन चैट कब्जे में ली
Pages:
[1]