Meerut Metro: देश का 27वां शहर है मेरठ, जहां दौड़ेगी मेट्रो; सबसे पहले यहां चली थी यह ट्रेन
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/meerut-metro-1-1771572272777_m.webpसुशील कुमार, मेरठ। मेट्रो रेल की कहानी सिर्फ ट्रांसपोर्ट नहीं, बल्कि तकनीक, सुविधा व शहर के बदलते चेहरे की कहानी को बयां करती है। मेट्रो का यह सफर देश में 1984 में कोलकाता से शुरू हुआ था। मेरठ देश का 27वां शहर होगा, जहां रविवार से मेट्रो दौड़ेगी। अफसर मान रहे हैं कि मेट्रो के संचालन से दिल्ली रोड के यातायात को राहत मिलेगी।
मेरठ में हर साल 67 हजार नए वाहन आ रहे हैं। निजी वाहनों की संख्या 12 लाख और व्यावसायिक वाहनों की संख्या 83 हजार तक पहुंच चुकी है। ट्रैफिक कई गुना बढ़ने से सड़कें कराह रही हैं। हकीकत यह है कि परतापुर से बेगमपुल तक पहुंचने में जितना समय लगता है, उतना तो परतापुर से दिल्ली पहुंचने में भी नहीं लगता।
देश में मेट्रो का सफर
कोलकाता से 1984 में अंडरग्राउंड मेट्रो की शुरुआत हुई थी। उसके बाद 2002 में दिल्ली में मेट्रो आई। इसका जाल दिल्ली एनसीआर के गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा तक फैल चुका है। दिल्ली में मेट्रो शुरू होने के नौ साल बाद 2011 में बेंगलुरु भी मेट्रो वाला शहर बन गया। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मेट्रो की शुरुआत 2014 में हुई।
2015 में जयपुर और चेन्नई, 2017 में लखनऊ, हैदराबाद और कोच्चि, 2019 में नागपुर, गुजरात के अहमदाबाद-गांधीनगर, 2021 में कानपुर, 2022 में पुणे, 2024 में आगरा, 2025 में इंदौर, पटना और भोपाल में मेट्रो की शुरुआत हुई।
अब 2026 में मेरठ में मेट्रो चलने जा रही है।
यह भी पढ़ें- मेरठ में Metro और NAMO Bharat स्टेशनों की सुरक्षा को तैनात होंगे SSF जवान, इस तारीख से शुरू करेंगे काम
दिल्ली रोड के यातायात में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद
यहां मेट्रो के संचालन से दिल्ली रोड के यातायात में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद जगी है। एसएसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि मेट्रो से यातायात में बदलाव आने से शहर का चेहरा बदलेगा। आगरा, लखनऊ और कानपुर में मेट्रो चलने से यातायात में काफी बदलाव हुआ है। जनपद में भी वह बदलाव देखने को मिलेगा। आटो और ई-रिक्शा दिल्ली रोड के बजाय मोहल्ले की गलियों तक सिमट जाएंगे। मेट्रो से उतरने वाली सवारियों को मोहल्ले में घर तक पहुंचाने का काम रह जाएगा।
यह भी पढ़ें- मेरठ में थ्री लेयर सुरक्षा में रहेंगे प्रधानमंत्री, 12 जनपदों से पुलिस बल बुलाया
स्टेशनों के पास यातायात व्यवस्था बनाई जाएंगी
एसपी यातायात राघवेंद्र मिश्रा ने बताया कि मेट्रो के 13 स्टेशनों पर यातायात की व्यवस्था संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की 22 फरवरी से ड्यूटी लगा दी गई है। मेट्रो स्टेशन से सवारी बैठाने वाले ई-रिक्शा और आटो को सड़क पर खड़े नहीं होने दिया जाएगा। स्टेशनों की पार्किंग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। ताकि उक्त वाहन सड़क पर न आ सकें।
स्टेशनों के बाहर कदापि जाम नहीं लगने दिया जाएगा। मेट्रो संचालित गाजियाबाद और नोएडा के डीएसपी यातायात से बातचीत वहां के यातायात को किस तरह से नियंत्रित किया जा रहा है, इसकी जानकारी ले ली गई है। एक टीआइ को सभी स्टेशन की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
Pages:
[1]