पूर्णिया के हरदा बाजार में रेड लाइट एरिया पर पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, नौ गिरफ्तार, कई रहस्य सामने आए
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/20/article/image/Purnea-Police-Raids-Harda-Bazar-Red-Light-Area-1771568992942_m.webpपूर्णिया के मरंगा रेड लाइट एरिया में हुई छापेमारी।
जागरण संवाददाता, पूर्णिया। मरंगा थाना क्षेत्र के हरदा बाजार स्थित रेड लाइट एरिया में गुरुवार को पुलिस ने एक सामाजिक संस्था के सहयोग से गहन छापेमारी की। इस दौरान रेड लाइट एरिया के हर घर और संदिग्ध स्थानों की तलाशी ली गई। पुलिस ने कुल नौ महिला और पुरुषों को हिरासत में लिया, जिन्हें मरंगा थाना लाया गया है और उनसे गहन पूछताछ जारी है।
अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे हरदा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इलाके के संदिग्ध लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पूरी तरह से घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया।
छापेमारी का नेतृत्व सदर एसडीपीओ वन ज्योति शंकर ने स्वयं किया। इस विशेष टीम में साइबर डीएसपी चंदन कुमार ठाकुर, मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार, सुमित कुमार और कई सशस्त्र जवान शामिल थे। टीम ने रेड लाइट एरिया और उसके आस-पास के संदिग्ध घरों और ठिकानों की सघन तलाशी और घेराबंदी की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस सफल कार्रवाई के पीछे एनजीओ नया सवेरा की सक्रियता और उनके द्वारा दिए गए गोपनीय इनपुट का बड़ा योगदान है। संस्था लंबे समय से इस क्षेत्र में चल रही अनैतिक गतिविधियों पर नजर रख रही थी और पुलिस को कुछ नाबालिगों से देह व्यापार कराने की सूचना मिली थी।
जैसे ही पुलिस की टीम ने इलाके में दबिश दी, देह व्यापार में संलिप्त लोग भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन उन्हें पकड़कर हिरासत में लिया गया। इस कार्रवाई ने अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों में भय और दहशत का माहौल पैदा कर दिया।
मरंगा थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि एनजीओ द्वारा दी गई सूचना के आधार पर मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि इस तरह की सघन और गोपनीय कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अवैध काम करने वालों को जल्दी पकड़कर कानून के दायरे में लाया जा सके।
Pages:
[1]