Chikheang Publish time 1 hour(s) ago

हरियाणा में कैसा रहेगा 20 फरवरी का मौसम? 30 डिग्री के करीब पहुंच सकता है पारा, गेहूं की फसल पर खतरा

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/Weather-1771519346789_m.webp

सर्दी की विदाई, तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा (फाइल फोटो)



जागरण संवाददाता, करनाल। फरवरी के अंतिम दिनों पूरे उत्तर भारत में सर्दी विदाई की तैयारी में है। मौसम विभाग के आकलन के अनुसार, अब किसी मजबूत पश्चिमी विक्षोभ या बड़े मौसम सिस्टम की संभावना नहीं है, जिससे सर्दियों की वर्षा लगभग समाप्त मानी जा रही है।

बीते बुधवार को हुई हल्की बूंदाबांदी से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में आंशिक गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन यह राहत क्षणिक साबित हुई। अब साफ आसमान और तेज धूप के कारण तापमान में वृद्धि के संकेत मिल रहे हैं।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के आस-पास पहुंच सकता है। अगर तापमान इसी रफ्तार से रहा, तो गेहूं की फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। फसल इस समय दाना बनने की अवस्था में है और ज्यादा गर्मी उत्पादन को प्रभावित कर सकती है।
बारिश सामान्य से कम, शुष्क रहेगा मौसम

फरवरी महीने पर नजर डालें तो सर्दियों की बारिश सामान्य से कम रही है। मैदानों और पहाड़ों दोनों क्षेत्रों में शेष दिनों के दौरान किसी मजबूत मौसम प्रणाली के संकेत नहीं हैं। ऐसे में अधिकतर समय मौसम शुष्क बना रहेगा और वर्षा की कमी का अंतर और बढ़ सकता है।

जब बादल कम होते हैं और धूप तेज रहती है, तो दिन के तापमान में तेजी से वृद्धि होती है। यही स्थिति अब देखने को मिल रही है। हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में दोपहर के समय धूप की तीव्रता बढ़ने लगी है, जिससे सर्दी का असर कम हो रहा है।
दिन का पारा चढ़ेगा, रात में भी बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के आकलन के अनुसार, अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है। कुछ एरिया में 30 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा भी पार होने की संभावना जताई जा रही है। न्यूनतम तापमान में अपेक्षाकृत कम बदलाव रहेगा, लेकिन रात के तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी के आसार हैं। अधिकतर स्थानों पर रात का तापमान 12 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। कुछ स्थानों पर यह 10.0 से 12.0 डिग्री सेल्सियस तक भी दर्ज हो सकता है, परंतु धीरे-धीरे इसमें भी वृद्धि होने की संभावना है।
सर्दी की विदाई के संकेत

बीते सप्ताह में सुबह-शाम की ठंडक बरकरार थी, लेकिन अब दोपहर की गर्मी ने सर्दी कों विदाई का संकेत दे दिया है। साफ आसमान, कम बादल और तेज धूप के चलते दिनों में गर्माहट बढ़ रही है। अगर यही रुझान जारी रहा, तो मार्च की शुरुआत के साथ ही मौसम पूरी तरह बदल जाएगा।

हरियाणा में सर्दी का दौर अब अंतिम चरण में है और आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ने की पूरी संभावना है। किसान और आमजन दोनों को बदलते मौसम के अनुसार तैयार रहने की जरूरत है।
Pages: [1]
View full version: हरियाणा में कैसा रहेगा 20 फरवरी का मौसम? 30 डिग्री के करीब पहुंच सकता है पारा, गेहूं की फसल पर खतरा