Chikheang Publish time Yesterday 22:57

मथुरा में पूर्व विधायक प्रदीप माथुर की कार को नशेड़ी युवकों ने मारी टक्कर, गनर को जड़ा थप्पड़

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/Pradeep-Mathur-1771512056890_m.webp

कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रदीप माथुर।



जागरण संवाददाता, मथुरा। शादी समारोह से लौट रहे कांग्रेस के पूर्व विधायक की कार को बुधवार रात साढ़े 11 बजे भूतेश्वर तिराहे के समीप तेज रफ्तार में सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पूर्व विधायक के साथ दोनों कारों में सवार बाल-बाल बच गए।

कार सवार तीन युवक शराब के नशे में थे। टक्कर के बाद उनकी पूर्व विधायक और उनके गनर से बहस हो गई। युवकों ने गनर को थप्पड़ जड़ दिया। कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को दबोच लिया, जबकि एक फरार हो गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने विधायक से फोन कर माफी मांगी। इस पर उन्होंने थाने में कोई शिकायती-पत्र नहीं दिया। पुलिस ने युवकों को छोड़ दिया।

कांग्रेस के पूर्व विधायक प्रदीप माथुर बुधवार रात साढ़े 11 बजे शादी समारोह में हिस्सा लेकर वापस घर लौट रहे थे। भूतेश्वर तिराहे के समीप सामने से आई तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में जोरदार झटका लगने से विधायक घबरा गए।

उन्होंने देखा कि चालक, गनर के साथ दूसरी कार में सवार तीन युवकों में किसी के चोट नहीं आई। इस पर उन्होंने राहत की सांस ली, लेकिन कार में शराब के नशे में सवार युवकों ने हंगामा शुरू कर दिया। बीच सड़क पर दोनों गाड़ियों के क्षतिग्रस्त होने से जाम लग गया।

विधायक की युवकों से कहासुनी हो गई। गनर नीरज ने विरोध जताया तो युवकों ने उनको थप्पड़ जड़ दिए। इससे विवाद और बढ़ गया। गनर ने कंट्रोल रूम को सूचना दे दी। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देख एक युवक फरार हो गया, जबकि गनर ने दो को दबोच लिया।

दोनों युवकों को पुलिस के सिपुर्द किया गया। युवकों ने बताया कि वह हरियाणा के पलवल जिले के रहने वाले हैं। जैंत क्षेत्र में एक रिश्तेदारी में आए हुए थे। फरार हुए युवक ने घटना की जानकारी जैंत क्षेत्र में दे दी।

इसके बाद विधायक के पास लोगों के फोन पहुंचने लगे। युवक के रिश्तेदारों के माफी मांगने व काफी आग्रह करने पर उन्होंने थाने में कोई शिकायत नहीं दी। कोतवाल विनोद बाबू मिश्र ने बताया कि दोनों पक्षों का समझौता हो गया है।

वहीं गुरुवार सुबह बीच सड़क पर क्षतिग्रस्त कार के खड़े होने से जाम की समस्या बन गई। यातायात पुलिस ने पूर्व विधायक की क्षतिग्रस्त कार को अग्निशमन कार्यालय के पास खाली स्थान पर खड़ा कराया।

पूर्व विधायक ने बताया कि उनके पास कई फोन आ गए। इस पर उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की।
Pages: [1]
View full version: मथुरा में पूर्व विधायक प्रदीप माथुर की कार को नशेड़ी युवकों ने मारी टक्कर, गनर को जड़ा थप्पड़