केरल की नन्ही आलिन को CM हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि, कहा- यह अंगदान मानवता के लिए अमिट मिशाल
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/Alin-Sherin-Organ-Donation-1771515688052_m.webpनन्ही बिटिया आलिन शेरिन अब्राहम को सीएम ने दी श्रद्धांजलि। (जागरण)
राज्य ब्यूरो, रांची। केरल की नन्ही बिटिया आलिन शेरिन अब्राहम के अंगदान ने पूरे देश को भावुक कर दिया है। इस मानवीय पहल पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए इसे मानवता की अनूठी मिसाल बताया है।
मुख्यमंत्री ने अपने इंटरनेट मीडिया हैंडल पर कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपनी संतान को खो देना सबसे पीड़ादायक क्षण होता है।
ऐसे कठिन समय में शेरिन एन जॉन और अरुण अब्राहम द्वारा अपनी बेटी के अंगदान का निर्णय अद्भुत साहस, त्याग और करुणा का परिचायक है। यह केवल अंगदान नहीं, बल्कि मानवता के प्रति उनकी अटूट आस्था का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आलिन का जीवन भले ही अल्पकालिक रहा, लेकिन वह आज कई लोगों के लिए नई उम्मीद बन गई है। उनका यह कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और आने वाली पीढ़ियों को मानवता का संदेश देता रहेगा।
केरल के मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन के प्रति भी उन्होंने आभार जताया। उन्होंने कहा कि दिवंगत आलिन के अंतिम संस्कार को राजकीय सम्मान देना मानवता के इस संदेश को और ऊंचाई प्रदान करता है।
झारखंड में अंगदान नीति को मिलेगा बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान महादान है, जो दूसरों को जीवन देता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि झारखंड में भी अंगदान की नीति को और सुदृढ़ बनाने के लिए राज्य सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।
मुख्यमंत्री ने नन्ही आलिन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके माता-पिता के अद्वितीय साहस को नमन किया और इसे पूरी मानवता के लिए अमिट मिसाल बताया।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहुंचे बड़दाहा, सिंदरी विधायक के भाई को दी श्रद्धांजलि, झामुमो ने किया स्वागत
Pages:
[1]