LHC0088 Publish time 2 hour(s) ago

अयोध्या में राज्यों के भवनों और होटलों के लिए आवंटन शुरू, सरयू तट पर 1407 एकड़ में बस रही ग्रीनफील्ड टाउनशिप

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/mandir-1771515373445_m.webp

सरयू तट पर आधुनिक शहरी विकास का नया मॉडल



डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या अब केवल धार्मिक पर्यटन का केंद्र ही नहीं, बल्कि आधुनिक शहरी विकास के वैश्विक मॉडल के रूप में भी उभर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकता वाली \“अयोध्या ग्रीनफील्ड टाउनशिप\“ परियोजना सरयू नदी के तट पर तेजी से आकार ले रही है। लगभग 1407 एकड़ में फैली यह महत्वाकांक्षी योजना राम मंदिर से मात्र 4.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जो प्राचीन आध्यात्मिकता को स्मार्ट सिटी की अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ जोड़ने का काम करेगी।
तेजी से चल रहा है बुनियादी ढांचे का विकास

उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद इस परियोजना के तहत 720 एकड़ भूमि पर भौतिक कब्जा प्राप्त कर चुका है और अधिग्रहण का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। अधिशासी अभियंता अमन त्यागी के अनुसार, टाउनशिप के भीतर ट्रंक रोड, ट्रंक ड्रेन, आंतरिक सड़कें, सब-स्टेशन और पंप हाउस जैसे बुनियादी ढांचों का निर्माण तेजी से हो रहा है। खास बात यह है कि पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यहाँ सोलर सिटी की अवधारणा पर काम किया जा रहा है, जिसमें अंडरग्राउंड यूटिलिटीज और ग्रीन-ब्लू कॉरिडोर जैसे सस्टेनेबल फीचर्स शामिल होंगे।
राज्यों की उपस्थिति और निवेश की लहर

अयोध्या की इस नई टाउनशिप में सांस्कृतिक विविधता की झलक भी देखने को मिलेगी। परिषद द्वारा गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा और उत्तराखंड जैसी राज्य सरकारों को उनके प्रदेश भवनों के निर्माण के लिए भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त, धार्मिक पर्यटन को मजबूती देने के लिए मठ-आश्रमों हेतु 21 भूखंड और आतिथ्य क्षेत्र (Hospitality) के विस्तार के लिए 9 होटल प्लॉट आवंटित किए गए हैं। निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी ने अयोध्या को रियल एस्टेट और होटल उद्योग के एक बड़े हब के रूप में स्थापित कर दिया है।
आवासीय आवंटन और आधुनिक सुविधाएं

परियोजना के आवासीय खंड में लोगों ने जबरदस्त रुचि दिखाई है। अब तक 100 से 200 वर्ग मीटर के लगभग 300 आवासीय भूखंडों का आवंटन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और आवंटियों को औपचारिक पत्र भी मिल चुके हैं। रेरा पंजीकृत इस टाउनशिप में हाई-टेक पार्क, सुपर-स्पेशियलिटी मेडिकल सेंटर, वेलनेस हब और 36 मीटर चौड़ी भव्य सड़कों की सुविधा होगी। पर्यावरण और आधुनिकता के बीच संतुलन बैठाती यह टाउनशिप उत्तर प्रदेश के शहरी विकास का नया \“रोल मॉडल\“ बनने की ओर अग्रसर है।
Pages: [1]
View full version: अयोध्या में राज्यों के भवनों और होटलों के लिए आवंटन शुरू, सरयू तट पर 1407 एकड़ में बस रही ग्रीनफील्ड टाउनशिप