हापुड़ में दुष्कर्म और उत्पीड़न से परेशान छात्रा ने पिया तेजाब, उपचार के दौरान हुई मौत
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/unnamed-1771510717002_m.webpहापुड़ में उत्पीड़न से तंग आकर पिया तेजाब। तस्वीर- एआई जनरेटेड
जागरण संवाददाता, हापुड़। दुष्कर्म के बाद उत्पीड़न से तंग आकर तेजाब पीने वाली नगर कोतवाली क्षेत्र में 12वीं की 17 वर्षीय छात्रा की उपचार के दौरान मौत हो जाने से स्वजन में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतका की मां का आरोप है कि मोहल्ले के ही एक युवक ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। चार वर्षों से वह बेटी के साथ शारीरिक संबंध बनाता आ रहा है।
इस कृत्य में आरोपित का पिता भी शामिल है। मामले में एसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपित पिता-बेटा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में नगर के एक मोहल्ले की महिला ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी कक्षा 12वीं की छात्रा थी। आरोप है कि मोहल्ले का ही कामिल पिछले करीब चार वर्षों से बहला-फुसलाकर बेटी के साथ शारीरिक संबंध बनाता आ रहा था।
चार साल तक चलता रहा शारीरिक उत्पीड़न का सिलसिला
जब इस बात की जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने कामिल और उसके पिता को समझाया, लेकिन युवक ने मिलना-जुलना बंद नहीं किया।
बीते कुछ समय से कामिल ने बेटी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। उस पर दबाव बनाया जा रहा था और शारीरिक उत्पीड़न भी किया गया।
आरोप है कि युवक के पिता भूरा ने भी अपने बेटा का साथ दिया। लगातार तनाव और बदनामी के डर से बेटी अवसाद में रहने लगी थी। तीन फरवरी 2025 को बेटी ने उत्पीड़न से तंग आकर तेजाब पी लिया।
हालत बिगड़ने पर स्वजन उसे पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए। अगले दिन चार फरवरी को अनवरपुर स्थित एक निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां करीब दो सप्ताह तक उपचार चला, लेकिन हालत गंभीर होने पर 17 फरवरी को उसे मेरठ मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया।
उपचार के दौरान जिंदगी की जंग हार गई पीड़िता
मेरठ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान 18 फरवरी 2025 को छात्रा ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
मोहल्ले के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है। मृतका की मां ने पुलिस अधीक्षक से कामिल और भूरा के विरुद्ध आत्महत्या के लिए उकसाने, उत्पीड़न और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Pages:
[1]