ओडिशा में 40 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़े गए तहसीलदार, विजिलेंस टीम ने की कार्रवाई
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/odisha-crime-news-(32)-1771507170183_m.webpसोरो के पकड़े गए तहसीलदार देतारी मल्लिक। (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा विजिलेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सोरो के तहसीलदार दैतारी मलिक को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
इस मामले में एक निजी व्यक्ति दयानिधि जेना को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि तहसीलदार ने पत्थर लदे पांच जब्त ट्रकों की रिहाई के एवज में रिश्वत मांगी थी।
जानकारी के अनुसार, तहसीलदार दैतारी मलिक ने 11 फरवरी 2026 को अवैध खनिज परिवहन के आरोप में पांच ट्रकों को जब्त किया था।
ट्रक मालिक से इन वाहनों को खनन विभाग को सौंपने से बचाने और रिहा कराने के लिए पहले एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की गई। ट्रक मालिक द्वारा असमर्थता जताने पर सौदेबाजी के बाद रकम घटाकर 40 हजार रुपये तय की गई।
इसके बाद पीड़ित ट्रक मालिक ने मामले की शिकायत ओडिशा विजिलेंस से की। शिकायत के सत्यापन के बाद विजिलेंस टीम ने बुधवार को जाल बिछाया और तहसीलदार को उनके सहयोगी दयानिधि जेना के माध्यम से रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। मौके से पूरी रिश्वत राशि 40 हजार रुपये बरामद कर जब्त कर ली गई।
ट्रैप कार्रवाई के बाद आय से अधिक संपत्ति के एंगल से तहसीलदार से जुड़े तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी जारी है। इस संबंध में बालेश्वर विजिलेंस थाने में केस संख्या 05/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम, 2018 की धारा 7 में मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। विजिलेंस विभाग ने कहा है कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट बाद में जारी की जाएगी।
यह भी पढ़ें- चाय दुकान बनी रिश्वत का अड्डा : किशनगंज में फिर रंगे हाथ पकड़े गए बाबू, ऐसे बिछाया गया था जाल
Pages:
[1]