3000 मजरों का होगा ऊर्जीकरण, 433 करोड़ के प्रोजेक्ट से दो लाख लोगों को होगा फायदा; LOH से जगमगाएंगे घर
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/UP-Bijli-samasya-news-1771506805986_m.webpसंवाद सूत्र, गोंडा। देवीपाटन मंडल के चारों जिलों में बिजली व्यवस्था को मजबूत और सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पावर कारपोरेशन की पुनर्गठित वितरण क्षेत्र योजना (आरडीएसएस) लागू है।
433 करोड़ 81 लाख रुपये की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत मंडल के गोंडा, बलरामपुर, बहराइच और श्रावस्ती जिलों में बिजली आपूर्ति तंत्र को दुरुस्त किया जा रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार 15 मार्च तक सभी कार्य पूरे किए जाने हैं।
आरडीएसएस योजना के तहत जर्जर लाइनों को बदला जाएगा, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी और तकनीकी खामियों को दूर किया जाएगा इससे फाल्ट की समस्या कम होगी और उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली कटौती से राहत मिलेगी।
गांवों और मजरों तक बिजली पहुंचाने की तैयारी
वहीं लेफ्ट आउट हाउस होल्ड (एलओएच) योजना से उन गांवों और मजरों तक बिजली पहुंचाने की तैयारी है, जहां अब तक अंधेरा पसरा रहा है। 288 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से देवीपाटन मंडल के 3333 मजरों-गांवों का विद्युतीकरण किया जाएगा। ये ऐसे क्षेत्र हैं, जहां नई बसावट होने के बावजूद अब तक बिजली नहीं पहुंच सकी थी।
इस योजना के जरिए लगभग दो लाख लोगों के घरों में पहली बार बिजली के बल्ब जलेंगे। रोशनी के साथ-साथ पंखा, टीवी, मोबाइल चार्जिंग और अन्य बिजली से चलने वाले उपकरणों का लाभ भी लोगों को मिल सकेगा इससे न केवल जीवन स्तर में सुधार होगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो गोंडा जिले के 1821 मजरों-गांवों को एलओएच योजना से जोड़ा जाएगा। बलरामपुर में 692, बहराइच में 517 और श्रावस्ती जिले के 303 मजरों में बिजली पहुंचाई जाएगी।
एलओएच से हर घर होगी बिजली
लेफ्ट आउट हाउस होल्ड (एलओएच) योजना से जिन मजरों में अभी तक बिजली नहीं उनका विद्युतीकरण कराया जाएगा इससे मंडल के चिह्नित 3333 मजरों तक बिजली आपूर्ति व्यवस्था कराई जाएगी। इस योजना से हर घर तक बिजली पहुंचाई जाएगी। संबंधित कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं आरडीएसएस के तहत हाेने वाले सभी कार्यों को 15 मार्च तक पूरा कराने के निर्देश कार्यदायी संस्था को दिए गए हैं। - यदुनाथ यथार्थ, मुख्य अभियंता बिजली देवीपाटन मंडल
Pages:
[1]