NEET छात्रा मौत मामला: CBI की टीम तीसरी बार जहानाबाद पहुंची, अब मामा के घर जाकर की पूछताछ
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/CBI-Team-1771501249833_m.webpजांच के लिए छात्रा के मामा के घर पहुंची सीबीआई की टीम। जागरण
जागरण संवाददाता, जहानाबाद। पटना में हुई नीट छात्रा मौत कांड की जांच में जुटी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की टीम तीसरी बार गुरुवार को जहानाबाद पहुंची।
पांच सदस्यीय टीम, जिसमें एक महिला इंस्पेक्टर भी शामिल हैं, जांच को आगे बढ़ाने के लिए मखदुमपुर थाना क्षेत्र स्थित छात्रा के मामा के गांव पहुंची।
टीम ने छात्रा के मामा सहित परिवार के अन्य सदस्यों से कई घंटे तक गहन पूछताछ की। इससे पहले 17 फरवरी को भी सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम जहानाबाद आई थी।
पूर्व में जब्त किया था भाई का मोबाइल
उस दिन छात्रा के पैतृक गांव में माता-पिता, भाई, भाभी, दादी और फुआ से विस्तार से पूछताछ की थी। उस दौरान छात्रा के भाई का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया था।
मोबाइल फोन के संबंध में जानकारी लेने पर बताया गया कि उसे मखदुमपुर में रिपेयरिंग के लिए दिया गया है। इसके बाद टीम संबंधित दुकान पर पहुंची, जहां दुकान बंद मिली। बाद में मोबाइल फोन बगल की एक पान दुकान से बरामद किया गया।
पटना लौटते समय सीबीआई टीम ने छात्रा के मामा को बुधवार को पूछताछ के लिए पटना बुलाया था, लेकिन उनके नहीं पहुंचने पर टीम स्वयं मखदुमपुर पहुंचकर पूछताछ करने लगी।
15 फरवरी को भी पहुंची थी टीम
इससे पहले 15 फरवरी को सीबीआई की 20 सदस्यीय टीम आईजी और एसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में छात्रा के गांव पहुंची थी। घंटों चली पूछताछ के बाद टीम छात्रा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सामग्री जांच के लिए अपने साथ ले गई थी।
गौरतलब है कि 14 फरवरी की रात छात्रा के घर पहली बार धमकी भरा हस्तलिखित पर्चा फेंका गया था, जिसमें पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद 16 फरवरी की रात फिर पर्चा फेंककर छात्रा के भाई की हत्या की धमकी दी गई।
पटना के गर्ल्स हॉस्टल से शुरू हुई सीबीआई की जांच अब पीड़िता के गांव से आगे बढ़ते हुए मामा के घर तक पहुंच गई है, जिससे मामले में नए पहलुओं के सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है।
Pages:
[1]