LHC0088 Publish time 2 hour(s) ago

हिसार में मोबाइल के झगड़े में व्यक्ति के सीने पर मारी लात, मौके पर ही मौत; आरोपी गिरफ्तार

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/hisar_news-1771489155153_m.webp

कैप्शन: हत्या की वारदात को अंजाम देने का आरोपित पुलिस की गिरफ्त में l पीआरओ



जागरण संवाददाता, हिसार। मधुबन पार्क के सामने नगर निगम के अस्थायी रैन बसेरे में रहने वाले 45 साल के बलकार की उसके साथी ने मोबाइल को लेकर हुए झगड़े में सीने में लात मारकर उसकी हत्या कर दी।

मृतक जींद के सुरबरा गांव का रहने वाला था।
 वारदात को अंजाम देने का आरोपित मौके से भाग गया। प्रत्यशदर्शी संदीप ने बताया कि उसने वारदात के बाद पार्क के सुरक्षाकर्मी को मदद के लिए बुलाया था, लेकिन बार-बार प्रयास करने के बाद भी कोई नहीं आया। ऐसे में रातभर शव रैन बसेरे के अंदर ही पड़ा रहा।

सुबह सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना प्रभारी पीएसआइ कर्मजीत और सीन आफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और हत्या से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात के दस घंटे के बाद उत्तराखंड के रहने वाले आरोपित कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित को वीरवार को अदालत में पेश किया जाएगा। प्रत्यशदर्शी संदीप ने बताया कि बलकार, कृष्ण और दो-तीन लोगों ने पहले आपस में बैठकर शराब पी। उसके बाद बलकार और कृष्ण दोनों रैन बसेरे के अंदर आ गए।

दोनों का आपस में झगड़ा हो गया। झगड़े में कृष्ण ने बलकार के सीने में लात मारी तो वह नीचे गिर गया। गिरने के बाद फिर से आरोपित ने कई बार सीने पर लात मारी।

बाद में वह मौके से भाग गया। यह देखकर सामने पार्क के अंदर तैनात सुरक्षाकर्मी को बुलाने गया। लेकिन सुरक्षा कर्मी नहीं आया। फिर दौड़कर एक अस्पताल के बाहर गया, लेकिन वहां पर कोई सुरक्षाकर्मी नहीं था। ऐसे में कोई मदद करने के लिए नहीं आया तो बलकार को अस्पताल नहीं ले जा सका और उसकी मौत हो गई।
पांच दिन पहले मृतक बलकार का फोन हुआ था गुम

पुलिस जांच में सामने आया कि जींद के सुरबरा निवासी बलकार का पांच दिन पहले फोन गुम हुआ था। इसी बात को लेकर शराब के नशे में बलकार ने कृष्ण से अपना फोन मांगा तो उसने कहा कि मैंने कोई फोन नहीं लिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। बलकार ने कृष्ण की कमीज फाड़ दी। गुस्से में आकर कृष्ण ने बलकार के सीने में लात मारी जिस कारण बाद में उसकी मौत हो गई।


हत्या की वारदात के बाद आरोपित उत्तराखंड के अल्मोड़ा निवासी कृष्ण को गिरफ्तार कर लिया। मोबाइल को लेकर हुए झगड़े में हत्या की गई है। आरोपित से पूछताछ जारी है। -पीएसआइ, कर्मजीत, सिविल लाइन थाना प्रभारी, हिसार

15 सालों से परिवार से रहा दूर

सुरबरागांव के रहने वाले संदीप ने बताया कि चाचा बलकार करीब 15 साल से परिवार से दूर यहां पर रह रहा था। उसका बड़ा भाई बलवान और बलजीत दोनों परिवार के साथ गांव में रहते हैं। पांच साल पहले वह अपनी भतीजी प्रियंका और पूजा की शादी में आया था और शाम को वापस लौट गया था। उसके बाद से चाचा से कभी कोई बातचीत नहीं हुई।

परिवार को यह भी नहीं पता था कि वह हिसार में रहता है। सुबह पुलिस ने सूचना दी तो पता चला। उनका कहना है कि जिसने भी बलकार की हत्या की उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच करे।
Pages: [1]
View full version: हिसार में मोबाइल के झगड़े में व्यक्ति के सीने पर मारी लात, मौके पर ही मौत; आरोपी गिरफ्तार