Chikheang Publish time 2 hour(s) ago

बहेड़ी बाईपास निर्माण में तेजी, डीएम के निरीक्षण में पुल-पुलियों की स्थिति आई सामने

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/Bypass-baheri-Darbhanga-1771488434158_m.webp

Darbhanga Road Project:पुल-पुलियों की प्रगति और निर्माण की गुणवत्ता की समीक्षा की गई। फाइल फोटो



जागरण संवाददाता, दरभंगा। DM Inspection Update: बहेड़ी बाईपास पथ निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को बहेड़ी बाईपास पथ निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान पुल-पुलियों की प्रगति और निर्माण की गुणवत्ता की समीक्षा की गई।

पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ने जिलाधिकारी को बताया कि बहेड़ी बाईपास पथ की कुल लंबाई 4.9 किलोमीटर है। इस योजना के तहत कुल 13 छोटे-बड़े पुल-पुलियों का निर्माण प्रस्तावित है। अब तक 11 पुल-पुलियों का निर्माण पूरा हो चुका है। एक पुलिया का निर्माण कार्य जारी है, जबकि एक बड़े पुल का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा।

https://smart-cms-bkd-static-media.jnm.digital/jagran-hindi/images/2026/02/19/template/image/d-1-1771488560757.jpg

निरीक्षण के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि मिट्टी भराई का कार्य लगभग चार किलोमीटर तक पूरा कर लिया गया है। वहीं जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) का कार्य एक किलोमीटर में संपन्न हो चुका है। प्रशासन ने इस महत्वाकांक्षी योजना को जून माह तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि भू-अर्जन से संबंधित भुगतान की प्रक्रिया लगातार जारी है। निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि पथ की निर्धारित चौड़ाई सात मीटर है और पथ के अलाइनमेंट में कुछ रैयतों के आवास आ रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रभावित रैयतों के आवासों का विधिवत मूल्यांकन कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्माण कार्य तय समय-सीमा में पूरा हो सके।

https://smart-cms-bkd-static-media.jnm.digital/jagran-hindi/images/2026/02/19/template/image/d-1771488584508.jpg

जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि अब तक 103 पंचाटितों को 17.92 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। शेष राशि के भुगतान की कार्रवाई भी प्रगति पर है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बहेड़ी बाईपास को समय पर पूरा किया जाएगा।
Pages: [1]
View full version: बहेड़ी बाईपास निर्माण में तेजी, डीएम के निरीक्षण में पुल-पुलियों की स्थिति आई सामने