LHC0088 Publish time 2 hour(s) ago

यात्रियों के लिए राहत कब? नक्शे में खामियों के कारण भागलपुर रेलवे जंक्‍शन का विकास कार्य एक बार फ‍िर टला

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/Bhagalpur-Railway-Junction-1771488538662_m.webp

भागलपुर रेलवे जंक्‍शन।



जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों के विस्तारीकरण और फुटओवर ब्रिज (एफओबी) की सीढ़ियों के चौड़ीकरण का काम अब अप्रैल में शुरू नहीं हो सकेगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि नक्शे में मामूली खामियों के कारण विकास कार्य में देरी हो रही है। हाल ही में हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि नक्शे में सुधार के बाद ही कार्य शुरू होगा। ऐसे में दिसंबर से पहले योजना पूरी होने की संभावना कम है।

मालदा एडीआरएम शिव कुमार प्रसाद ने कहा कि नक्शे की खामियों को जल्द ठीक किया जाएगा। प्लेटफार्म संख्या दो-तीन के एफओबी की सीढ़ियों को चौड़ा करने के लिए रेलवे सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) से मंजूरी मिल चुकी है। कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में लोहिया पुल की ओर वाले फुटओवर ब्रिज के स्टेयरकेस की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। यह काम अप्रैल तक पूरा होने की संभावना है। इसके बाद नाथनगर छोर वाले स्टेयरकेस का काम शुरू होगा।

भागलपुर स्टेशन के प्लेटफार्मों की लंबाई कम होने के कारण बड़ी ट्रेनों को प्लेटफार्म एक और चार पर ही ठहराया जाता है। यात्रियों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन के लिए दो बार सर्वे किया गया है। यार्ड आधुनिकीकरण के तहत ट्रैक के सिग्नल और प्वाइंट को नई जगह शिफ्ट किया जाएगा। इसके साथ ही प्लेटफार्म विस्तार के बाद ट्रेनें बिना कॉशन के 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गुजर सकेंगी।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्लेटफार्म विस्तार और एफओबी सुधार से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों की संचालन क्षमता भी बढ़ेगी। इससे भीड़ प्रबंधन आसान होगा और ट्रेनें समय पर चलने में मदद मिलेगी।

रेलवे का उद्देश्य है कि सभी सुधार कार्य यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाएं और स्टेशन की आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा दें। हालांकि नक्शे में खामियों के कारण परियोजना में देरी हो रही है, लेकिन अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि सुधार के बाद कार्य तेजी से शुरू होगा।
Pages: [1]
View full version: यात्रियों के लिए राहत कब? नक्शे में खामियों के कारण भागलपुर रेलवे जंक्‍शन का विकास कार्य एक बार फ‍िर टला