हापुड़ में एक व्यक्ति पर लाड़ी-डंडों से जानलेवा हमला, रीढ़ की हड्डी तोड़ी; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/19/article/image/Jagran-News-(515)-1771474300767_m.webpएक व्यक्ति पर हमला। एआई जनरेटेड
केशव त्यागी, हापुड़। हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव गोहरा आलमगीरपुर के व्यक्ति पर गांव के ही आधा दर्जन लोगों ने जानलेवा हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। हमले में पीड़ित की रीढ़ की हड्डी टूट गई। उसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। वह पत्नी के साथ अपने खेत पर गए थे, इसी दौरान हमला किया गया।
इस मामले में बुधवार को तहरीर दिए जाने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में गांव गोहरा आलमगीरपुर के उमेश कुमार ने बताया कि 31 जनवरी 2026 की शाम करीब छह बजे वह अपनी पत्नी कुसुम के साथ अपने खेत पर पहुंचा था। उसी दौरान गांव के ही देवेंद्र, अंकित, सुमित, गोलू उर्फ नितिन, गांव भरना के लविश और हसनपुर के नीटू ने एक राय होकर उस पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की और जान से मारने की नीयत से गंभीर चोटें पहुंचाईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए।
वहीं, घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजा गया।
हमले में उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आया है, जिसकी पुष्टि सीटी स्कैन जांच में हुई है। उसकी बेटी की सगाई छह फरवरी और विवाह दस फरवरी को प्रस्तावित था। शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हमले से परिवार पर आर्थिक और मानसिक संकट गहरा गया है। घायल अवस्था में भी उन्हें शादी की जिम्मेदारियों को निभाना पड़ा, जिससे स्थिति और भी दयनीय हो गई।
यह भी पढ़ें- रिपोर्ट दर्ज तक सिमटी कार्रवाई, चोरों को पकड़ नहीं पाई हापुड़ पुलिस; बदमाशों ने दो मकानों पर बोला था धावा
इस मामले में बुधवार को उसने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना बाबूगढ़ प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप चौहान ने बताया कि मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Pages:
[1]