हरियाणा स्वच्छता सर्वे: कसौटी पर करनाल अव्वल, हिसार-रोहतक ने दिखाई मजबूती; 10 में से मिले साढ़े सात अंक
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/clean-1771438366439_m.webpहरियाणा स्वच्छता सर्वे: कसौटी पर करनाल अव्वल। फोटो जागरण
जागरण संवाददाता, हिसार। प्रदेश में स्वच्छता की स्थिति को परखने के लिए कराए गए सालिड वेस्ट मैनेजमेंट (एसडब्ल्यूएम) रैपिड फीडबैक सर्वे ने शहरी निकायों की तस्वीर को आईने की तरह सामने रख दिया है। दो दिवसीय सर्वे में साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं के आठ अहम पैमानों पर 23 शहरी स्थानीय निकायों का मूल्यांकन किया गया।
करनाल ने 7.5 अंक हासिल कर स्वच्छता की दौड़ में पहला स्थान प्राप्त किया, वहीं हिसार और रोहतक 7-7 अंकों के साथ दूसरे पायदान पर रहे। सर्वे में सात निकायों की स्थिति गुड श्रेणी में रही, जबकि कई शहर औसत और नीड अटेंशन की श्रेणी में पाए गए। यह रिपोर्ट आने वाले समय में स्वच्छता की बेहतर योजना और मजबूत क्रियान्वयन की दिशा तय करने का आधार बनेगी।
स्वच्छता की कसौटी पर हिसार–रोहतक की साझा चमक
एसडब्ल्यूएम रैपिड फीडबैक सर्वे में शहरी निकायों की तस्वीर साफ हुई है। स्वच्छता के मैदान में इस बार करनाल ने सबसे आगे निकलते हुए प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। सालिड वेस्ट मैनेजमेंट (एसडब्ल्यूएम) रैपिड फीडबैक सर्वे में 10 में से 7.5 अंक पाकर करनाल ने बाजी मारी, जबकि हिसार और रोहतक 7–7 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे पायदान पर रहे। प्रदेश सरकार की ओर से 11–12 फरवरी 2026 को हुए इस दो दिवसीय सर्वे में कुल 23 शहरी स्थानीय निकाय (यूएलबी) शामिल की।
सर्वे का उद्देश्य: आगामी स्वच्छता की योजना की नींव
इस रैपिड फीडबैक सर्वे का उद्देश्य केवल अंक बांटना नहीं, बल्कि स्वच्छता की वास्तविक स्थिति को समझकर आगे की ठोस योजना बनाना है। विशेषकर बाजारों, सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टैंडों और शहर की समग्र सफाई व्यवस्था को परखते हुए आठ प्रमुख मानकों पर आकलन किया गया।
[*]आठ कसौटियां, जिन पर परखी गई स्वच्छता
[*]- दृश्यमान सफाई
[*]- कचरा संग्रहण एवं पृथक्करण
[*]- कचरा प्रोसेसिंग व निपटान
[*]- शौचालयों तक पहुंच और उपयोग
[*]- जल निकासी प्रबंधन
[*]- सफाई कर्मियों के वेलफेयर कार्य
[*]- आईईसी (सूचना–शिक्षा–संचार) व जन-जागरूकता
[*]- यूएलबी नेतृत्व व निगरानी
शीर्ष, मध्य और निचले पायदान की तस्वीर
[*]प्रथम: करनाल — 7.5 अंक
[*]द्वितीय: हिसार, रोहतक — 7–7 अंक
[*]तृतीय: अंबाला सिटी, कैथल, पंचकूला, भिवानी — 6.5–6.5 अंक
ये रहे नीचले पायदान पर
[*]सबसे नीचे नूंह मेवात 0.5 अंक
[*]नीचे से दूसरे स्थान पर चरखी दादरी 2.5 अंक
[*]नीचे तृतीय स्थान पर हांसी 3.5 अंक
10 में से किस कैटेगरी में किस निकाय को मिले कितने अंक
गुड : करनाल 7.5, रोहतक-7, हिसार-7, अंबाला सिटी-6.5, कैथल-6.5, पंचकुला 6.5 और भिवानी 6.5
मध्यम: एवरेज : जींद-6, पानीपत-6, यमुनानगर-6, सोनीपत-6, रेवाड़ी-6, थानेसर-6, फतेहाबाद-5.5, सिरसा-5.5, झज्जर-5
नीचे पायदान: नीड अटेंशन : नारनौल-4.5, फरीदाबाद-4.5, गुरुग्राम-4.5, पलवल-4, हांसी-3.5, चरखीदादरी-2.5 और नूंह मेवात-0.5
प्रदेश की 23 यूएलबी में हुए सर्वे में आठ मानकों पर हिसार का दूसरा स्थान उत्साहवर्धक है। स्वच्छता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का यह परिणाम है। शहर की स्वच्छता और बेहतर हो इसके लिए नगर निगम प्रशासन कार्य कर रहा है।
- नीरज, निगमायुक्त, हिसार
निगमायुक्त नीरज के दिशा-निर्देशों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण से लेकर निरंतर मानिटरिंग तक, हर स्तर पर काम हुआ है। दो दिवसीय सर्वे में दूसरा स्थान अधिकारियों और कर्मचारियों के स्वच्छता में किए कार्य की मुहर है। मेरी आमजन से अपील है कि वे स्वच्छता में बढ़चढ़ कर अपनी भूमिका निभाएं। सभी के प्रयास से हरियाणा प्रदेश साफ, स्वच्छ और सुंदर होगा।
- प्रवीण पोपली, मेयर, हिसार
Pages:
[1]