चौका से घर लौट रहे युवकों को कार ने मारी टक्कर, युवक की मौत, दूसरा गंभीर, चालक फरार
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/accident-1771438703095_m.webpफाइल फोटो।
जागरण संसू, चांडिल। सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर बुधवार की शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। जयदा पुल के समीप हुई इस टक्कर के बाद अज्ञात कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार होने में सफल रहा।
पीछे से मारी जबरदस्त टक्कर जानकारी के अनुसार, जारियाडीह निवासी बाबलू मुर्मू (22) और बड़ालाखा निवासी मंगल टुडू एक ही बाइक पर सवार होकर चौका से अपने गांव जारियाडीह लौट रहे थे। शाम तकरीबन छह बजे जैसे ही वे जयदा पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
एमजीएम में बाबलू को मृत घोषित किया गया टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और चांडिल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को चांडिल अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, एमजीएम पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद बाबलू मुर्मू को मृत घोषित कर दिया। घायल मंगल टुडू का उपचार फिलहाल जारी है।
पुलिस कर रही सीसीटीवी फुटेज की जांच
इस हादसे के बाद मृतक बाबलू के गांव जारियाडीह में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चांडिल पुलिस का कहना है कि अज्ञात कार और उसके चालक की पहचान के लिए नेशनल हाईवे पर लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Pages:
[1]