IND vs NED: भारत ने नीदरलैंड्स को रौंदकर T20 World Cup में लगातार 12वीं जीत दर्ज की, शिवम दुबे ने लूट ली महफिल
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/Team-India-1771434961897_m.webpभारत ने नीदरलैंड्स को हराया
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। शिवम दुबे के हरफनमौला प्रदर्शन के दम पर भारत ने नीदरलैंड्स को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हरा दिया है। टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए थे और डच टीम को जीत के लिए 194 रनों का लक्ष्य दिया था। इसके जवाब में नीदरलैंड्स की टीम 176 रन बना सकी और सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने मुकाबले को 17 रनों से अपने नाम कर लिया।
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत के लिए शिवम दुबे ने बेहतरीन बैंटिग की और अर्धशतक लगाया। दुबे ने 66 रनों की पारी खेली, जिसकी वजह से टीम इंडिया का स्कोर 193 रनों तक पहुंच सका। उनके अलावा भारत का अन्य कोई बल्लेबाज फिफ्टी नहीं लगा सका। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अपराजित सुपर-8 में एंट्री मारी है।
शिवम दुबे का शानदार प्रदर्शन
भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। इसके बाद भारत को पहले ही ओवर में झटका लगा और अभिषेक शर्मा जीरो पर आउट हो गए। इसके बाद ईशान किशन भी 18 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। टीम इंडिया ने 69 रनों के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे और भारत का रन रेट भी धीमा था। ऐसे में दुबे ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की।
दुबे ने 31 गेंदों पर 66 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। दुबे के अलावा कप्तान सूर्या ने भी 28 गेंदों पर 34 रन बनाए। तिलक वर्मा ने 31, जबकि हार्दिक पांड्या ने 30 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। नीदरलैंड्स के लिए लोगन वान बीक सबसे कामयाब गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट अपने नाम किए।
Pages:
[1]