LHC0088 Publish time 2 hour(s) ago

पलवल में बदमाशों के साथ पुलिस मुठभेड़, कुख्यात अपराधी खालिद पुलिस पर फायरिंग कर फरार; 2 पुलिसकर्मी घायल

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/media/image/Firing-1771373406075-1771407988701_m.webp

पलवल में बदमाशों को पकड़ने गई पुलिस पर फायरिंग। फोटो: सांकेतिक



जागरण संवाददाता, पलवल। सदर थाना अंतर्गत केजीपी एक्सप्रेसवे पर पलवल कट के पास मंगलवार देर रात गुरुग्राम अपराध शाखा और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। दर्जनों मामलों में वांछित नूंह का कुख्यात अपराधी अपने साथियों के साथ पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए फरार हो गया। आरोपितों की स्कार्पियो कार की टक्कर से दो पुलिसकर्मी घायल भी हो गए।

आरोपितों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मामले में गुरुग्राम की मानेसर अपराध शाखा के प्रभारी मनोज को सूचना मिली थी कि हत्या के प्रयास, लूट और डकैती जैसे दर्जनों मामलों में शामिल नूंह के बावला गांव का रहने वाला शातिर बदमाश खालिद सफेद रंग की स्कार्पियो-एन कार में सवार होकर उत्तर प्रदेस से पलवल की तरफ आ रहा है।

आरोपित अपने साथियों के साथ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए उत्तर प्रदेश गया था। सूचना के आधार पर मंगलवार देर शाम टीम ने केजीपी एक्सप्रेसवे पर पलवल कट के पास नाकाबंदी की। जब पुलिस ने संदिग्ध स्कार्पियो को रुकने का इशारा किया, तो परिचालक सीट पर बैठे खालिद ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से सीधा फायर किया।

गोली पास खड़ी सरकारी बोलेरो के बोनट पर जा लगी। पुलिस ने जब आरोपितों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, तो उन्होंने कार की रफ्तार बढ़ाकर पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया। अपनी रक्षा में मुख्य सिपाही हरीश ने हवाई फायर भी किया, लेकिन बदमाश पुलिसकर्मियों को साइड मारते हुए तेज रफ्तार में फरार हो गए।

बदमाशों की गाड़ी की टक्कर लगने से मुख्य सिपाही हरीश और कुलदीप सड़क पर गिरकर चोटिल हो गए। घटना के तुरंत बाद जिले के उच्च अधिकारियों को सूचित किया गया और इलाके में नाकाबंदी बढ़ा दी गई। जिला पुलिस प्रवक्ता संजय कादयान के अनुसार खालिद एक संगठित अपराधी है और सोहना अदालत से उदघोषित अपराधी है।

पुलिस टीम ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन उसने फायरिंग कर दी। आरोपियों की पहचान हो चुकी है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

यह भी पढ़ें- पलवल: आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, ASI समेत तीन घायल; हमलावर फरार
Pages: [1]
View full version: पलवल में बदमाशों के साथ पुलिस मुठभेड़, कुख्यात अपराधी खालिद पुलिस पर फायरिंग कर फरार; 2 पुलिसकर्मी घायल