हापुड़ में हिट एंड रन की भेंट चढ़ा 13 साल का बेटा, पिता बाल-बाल बचे; सदमे में पूरा परिवार
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/18/article/image/Jagran-News-(485)-1771381877195_m.webpहापुड़ में हिट-एंड रन केस। एआई जनरेटेड
जागरण संवाददाता, हापुड़। हापुड़ जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला थाना हाफिजपुर क्षेत्र के गांव भटियाना का है, जहां रविवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने खड़ी हुई बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार 13 वर्षीय किशोर शावेद उर्फ शावेज की मौके पर ही मौत हो गई।
किशोर के पिता मोसिन बाल-बाल बच गए, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है और वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
यह घटना हापुड़ में बढ़ते हिट एंड रन मामलों की एक और कड़ी है, जो सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही है।
लापरवाही बनी मौत की वजह
पीड़ित मोसिन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने बेटे शावेज के साथ बाइक पर सवार होकर गांव बड़ौदा सिहानी से सामान लेने जा रहा था। गांव के देवी मंदिर से थोड़ा आगे पहुंचकर उसने बाइक सड़क किनारे खड़ी कर दी।
इसी दौरान बड़ौदा सिहानी की ओर से गलत दिशा में आ रही एक अनियंत्रित कार ने तेज गति और लापरवाही से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर बैठा शावेज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। वह खुद चपेट में आने से बच गया, लेकिन बेटे को बचाने की कोशिश में असफल रहा।
आसानी से फरार हो गया चालक
दुर्घटना के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया, जिससे यह हिट एंड रन का मामला बन गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह सिर और छाती में गंभीर चोटें बताई गई हैं।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर की जांच कर रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा
परिवार में मचा कोहराम, बिलख रहे माता-पिता
शावेज की मौत के बाद गांव भटियाना में शोक की लहर दौड़ गई। शावेज स्कूल में पढ़ाई कर रहा था। उसके माता-पिता व छोटे भाई और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। मोसिन ने बताया आरोपित को सख्त सजा मिलनी चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं रुकें।
यह भी पढ़ें- \“...मैं तो प्लेन ही खरीदना चाहता हूं\“, हादसे में मारे गए साहिल धनेशरा के अधूरे रहे सपने
उधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि इलाके में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से अक्सर हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। गांववासियों ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर और चेकिंग बढ़ाने की मांग की है।
हिट एंड रन के बढ़ते मामले, सख्त कानून बेअसर
[*]जनवरी 2026 : तीर्थनगरी ब्रजघाट में एक इनोवा क्रिस्टा कार ने दो वर्षीय मासूम को कुचल दिया।
[*]फरवरी 2026 : ब्रजघाट टोल प्लाजा पर टोल विवाद के बाद कार चालक ने कर्मचारियों को रन ओवर करने की कोशिश की। सीसीटीवी में कैद घटना में कर्मचारी बाल-बाल बचे।
[*]जुलाई 2025 : बाबूगढ़ क्षेत्र के एनएच-09 पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर राजा जी हवेली होटल में घुस गई, जहां चार लोग कुचले गए। एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन घायल हुए।
[*]अक्टूबर 2025 : हापुड़ में एक बाइक-ट्रक टक्कर में 35 वर्षीय अनुराधा की मौत हो गई। ट्रक चालक ने शव को घसीटा।
जिले में ट्रैफिक नियमों को सख्ती से लागू करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। हम हिट एंड रन मामलों में जीरो टालरेंस पालिसी अपनाएंगे। - ज्ञानंजय सिंह, एसपी
Pages:
[1]