राजगांगपुर में 4.19 करोड़ की साइबर ठगी का भंडाफोड़; HDFC बैंक खातों के जरिए हो रहा था बड़ा खेल
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/Cyber-crime-1771351108204_m.webpराजगांगपुर थाने में प्रेस वार्ता में जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी। पीछे खड़े आरोपी।
जागरण संवाद सूत्र, राजगांगपुर। ओडिशा की राजगांगपुर थाना पुलिस ने संगठित साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने म्यूल बैंक खातों (Mule Accounts) के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध लेन-देन के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर ठगी के उस नेटवर्क पर आधारित है जो उपभोक्ताओं के बैंक खातों का इस्तेमाल अवैध धन को खपाने और उसे व्हाइट करने के लिए करता था।
HDFC बैंक खातों से 4.19 करोड़ का मनी ट्रेल बड़गांव एसडीपीओ बीभूति भूषण भोई ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि राजगांगपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। जांच के दौरान एचडीएफसी बैंक की राजगांगपुर शाखा के तीन खातों में असामान्य गतिविधियां पाई गईं। इन खातों के माध्यम से कुल 4,19,14,136 रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन किया गया था। जांच में पाया गया कि अज्ञात स्रोतों से इन खातों में मोटी रकम जमा की जाती थी और तुरंत सेल्फ-चेक के जरिए उन्हें निकाल लिया जाता था।
कमीशन का लालच और गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अब्दुल कादिर (25) और मो. सुफियान रजा ने स्वीकार किया है कि वे साइबर ठगों के निर्देश पर काम कर रहे थे। उन्हें प्रत्येक अवैध लेन-देन के बदले निश्चित कमीशन मिलता था। पुलिस ने इनके पास से निम्नलिखित सामग्री जब्त की है:
[*] बैंक चेक बुक और सेल्फ-चेक
[*] आधार कार्ड और संबंधित बैंक दस्तावेज
नेटवर्क की तलाश में पुलिस
थाना प्रभारी विजय कुमार दास के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीम अब इस मनी ट्रेल की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन खातों में आने वाला पैसा किन पीड़ितों से ठगा गया था। इस गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
राजगांगपुर पुलिस की अपील: रहें सतर्क
साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस ने आम जनता को आगाह किया है कि वे अपना बैंक खाता, आधार कार्ड या ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। कमीशन के लालच में आकर अपना खाता किसी को देना आपको जेल पहुंचा सकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
Pages:
[1]