होली पर घर जाना हुआ आसान, गाजियाबाद से चलेंगी 200 अतिरिक्त बसें
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/bus-1771348438028_m.webpजागरण संवाददाता, साहिबाबाद। होली पर लोगों को अपने शहर जाने परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए परिवहन निगम ने लंबी दूरी के लिए 200 रोडवेज बसें आरक्षित कर दी हैं। रोजाना बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। इसके लिए रोडवेज के अधिकारियों ने योजना तैयार कर ली है।
चार मार्च को होली का त्योहार मनाया जाएगा। दूर शहरों के लोग दो-तीन दिन पहले ही घर जाना शुरू कर देते हैं। त्योहार के बाद कई दिन बाद तक लौटते हैं। यात्रियों को घर जाने में कोई परेशानी न हो इसके लिए गाजियाबाद रीजन के खुर्जा, बुलंदशहर, सिकंद्राबाद, हापुड़, लोनी, साहिबाबाद व कौशांबी की बसें आरक्षित कर दी गई हैं। इसमें 50 बसें जनरथ व शताब्दी हैं जो वातानुकूलित बसें हैं। इसके अलावा 150 बसें साधारण हैं।
रोडवेज के अधिकारियों का कहना है कि 75 प्रतिशत सीट भरने पर ही चालक-परिचालक डिपो से बस का संचालन कर सकेंगे। अगर बस में यात्री कम हैं तो यात्रियों का इंतजार करना होगा। निर्धारित से कम यात्री बैठाकर बसों का संचालन करने वाले चालक व परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, सामान्य दिनों में 50 प्रतिशत सीट भरने पर भी यात्रियों का संचालन किया जाता है।
कर्मियों की होगी काउंसलिंग
होली से पहले सभी रोडवेज के चालक-परिचालक व अन्य कर्मियों की काउंसलिंग की जाएगी। इसमें यात्रियों से गलत व्यवहार न करने, डिपो पर पानी प साफ-सफाई आदि के बारे में बताया जाएगा। इसका उद्देश्य होली पर यात्रियों को बेहतर रोडवेज सेवा उपलब्ध कराना है।
24 घंटे मैकेनिक रहेंगे तैनात
गाजियाबाद रीजन के सभी डिपो पर 24 घंटे मैकेनिक तैनात रहेंगे। इसके लिए तीन शिफ्टों पर सभी मैकेनिक की ड्यूटी लगाई गई है। अगर कोई भी बस खराब होती है तो वह तत्काल बस को ठीक करेंगे। वर्कशाप में जरूरी सामान पहले से ही रखा जाएगा। इससे जरूरत पड़ने पर बस को ठीक कर संचालन किया जा सकेगा।
डिपोवार आरक्षित की गई बसें
[*]खुर्जा 20
[*]बुलंदशहर 30
[*]सिकंदराबाद 20
[*]हापुड़ 30
[*]लोनी 30
[*]साहिबाबाद 35
[*]कौशांबी 35
अतिरिक्त बसों के लिए निर्धारित मार्ग
[*]कौशांबी से लखनऊ
[*]कौशाबी से बरेली
[*]कौशाबी से हल्द्वानी
[*]कौशांबी से आजमगढ़
[*]कौशांबी से सोनौली
[*]कौशांबी से बदायूं
[*]कौशांबी से मैनपुरी
[*]कौशांबी से कानपुर
[*]कौशांबी से अलीगढ़ व एटा
होली के त्योहार पर लोगों को घर जाने में परेशानी न हो इसके लिए बसें आरक्षित कर दी गई हैं। कर्मियों की भी शिफ्ट वार ड्यूटी लगा दी गई है। चालक-परिचालकों की लापरवाही सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
-
-राजेश कुमार, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, साहिबाबाद
Pages:
[1]