यूपी बोर्ड परीक्षा आज से: सावधान! अगर की ये एक गलती, तो लग सकता है 1 करोड़ का जुर्माना और उम्रकैद
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/73081121-1771348035612_m.webpराजकीय जुल्फिकार बालिका इंटर कालेज में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी में जुटी शिक्षिकाएं। जागरण
संवाद सहयोगी, रामपुर। पेपर लीक या नकल कराने वाले सावधान। ऐसा करने वालो को आजीवन कारावास की सजा के साथ एक करोड़ का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, नकल करते हुए पकड़े जाने पर छात्र अगले साल की परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेगा। यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा आज यानि 18 फरवरी से शुरू होगी। ऐसे में नकल पर रोक लगाने के लिए कड़े नियम लिए जा रहे हैं।
परीक्षा के दौरान नकल और पेपर लीक पर रोक लगाने के लिए शासन ने सख्त कदम उठाए हैं। इस बार यदि कोई छात्र नकल करते हुए पाया जाता है, तो उसे अगले साल की परीक्षा में भी भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा नकल माफियाओं और पेपर लीक के मामलों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना और आजीवन कारावास की सजा का प्रावधान किया गया है। इन मामलों में आरोपी की संपत्ति भी कुर्क की जाएगी।
नकल रोकने के लिए नया विधेयक
दो साल पहले उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) विधेयक 2024 को पारित किया गया था। इस विधेयक के तहत नकल और पेपर लीक जैसे अपराधों में शामिल छात्रों को एक साल के लिए अगली परीक्षा में बैठने से रोक दिया जाएगा।
इस कानून के तहत छात्रों को कारावास या जुर्माने की सजा नहीं दी जाएगी। बल्कि, उनका परीक्षा परिणाम रद्द कर दिया जाएगा। इसके साथ ही फर्जी वेबसाइट बनाना, फर्जी प्रवेश पत्र जारी करना और पेपर लीक करने जैसी गतिविधियां भी अपराध मानी जाएंगी।
प्रवेश पत्र खोने पर भी परीक्षा से वंचित नहीं होंगे छात्र
यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे परीक्षार्थियों के लिए इस बार राहत भरा निर्णय लिया गया है। प्रवेश पत्र खो जाने या भूल आने की स्थिति में छात्र पहले दिन अंडरटेकिंग देकर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। अगली परीक्षा में मूल या डुप्लीकेट प्रवेश पत्र लाना अनिवार्य होगा।
डीआईओएस ने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान प्रवेश पत्र में नाम, जेंडर आदि की त्रुटि होने पर अन्य पहचान पत्र से मिलान कर छात्र को बैठने दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट बाद तक विलंब से पहुंचे परीक्षार्थियों को उचित कारण बताने पर अवसर दिया जाएगा।
वायस रिकार्डर युक्त कक्षों में आज से शुरू होंगी परीक्षाएं
जिले में सीसीटीवी कैमरा और वॉयस रिकार्डर युक्त 74 परीक्षा केंद्रों पर बुधवार से यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू होगी। परीक्षा के लिए जिले से 46766 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। नकल विहीन परीक्षा के लिए भी केंद्रों से वेबकॉस्टिंग की जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर परीक्षा की निगरानी के लिए कंट्रोल भी बनाया गया है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 8.30 बजे से शुरू होगी और परीक्षार्थियों को आठ बजे तक केंद्र पर पहुंचना होगा। इंटरमीडिएट की परीक्षा दोपहर दो बजे से शुरू होगी और परीक्षार्थियों को डेढ़ बजे तक परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।
बुधवार से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा की तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। अगर किसी परीक्षा केंद्र पर तैयारियों में कोई कमी मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षार्थी निर्धारित समय से कुछ समय पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं।
- अंजलि अग्रवाल , जिला विद्यालय निरीक्षक रामपुर
परीक्षा से जुड़ी किसी भी गड़बड़ी में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों को कड़ी सजा दी जाएगी। पेपर लीक जैसे अपराधों में शामिल छात्रों को एक साल के लिए अगली परीक्षा में बैठने से रोक दिया जाएगा।सभी केंद्र व्यवस्थापकों को नकल रोकने के लिए आये विधेयक के बारे में अवगत कराया गया है।
- मुन्ने अली, क्षेत्रीय सचिव यूपी बोर्ड
यह भी पढ़ें- ऑफिस लेट क्यों आई? रामपुर जिला पंचायत में क्लर्क की मामूली सी टोक और फिर... सरेआम वकील का कत्ल!
Pages:
[1]