Agra Lucknow Expressway पर जाम लगाना पड़ गया भारी, 204 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/Agra-Lucknow-Expressway-1771341082381_m.webpआगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे। सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। छह दिन पूर्व तखरऊ नहर पुल से कूदे युवक को बचाने लिए कूदे मछुआरे के डूबने पर स्वजन और ग्रामीणों को हंगामा और एक्सप्रेसवे पर जाम लगाना भारी पड़ गया है।
मछुआरे का शव मिलने के बाद लखनऊ एक्सप्रेसवे पर जाम लगाने वाले 204 लोगों के खिलाफ कुर्रा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। उप निरीक्षक ने तखरऊ चेकपोस्ट पर तोड़फोड़ कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया है।
कुर्रा थाने में तैनात उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने सोमवार की रात प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि 12 फरवरी की शाम को एक युवक किशनी-करहल मार्ग पर स्थित पुल से तखरऊ नहर में कूद गया था।
जिसे निकालने के लिए आसपास के तीन लोग बचाव के लिए नहर में उतरे, लेकिन कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद गांव सड़ निवासी मछुआरे राजू कश्यप ने कहा कि वह मछली पकड़ने का काम करता है और उसने तैराकी में इनाम भी जीता है।
इसी वजह से उसने नहर में छलांग लगा दी थी, लेकिन वह भी डूब गया। मछुआरे और युवक को खोजने के लिए एडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम बुलाई गईं। इसके बाद भी राजू का कोई पता नहीं लगा। तभी करीब 200 से अधिक लोग जिनमें महिलाएं भी शामिल रही।
उन्होंने तखरऊ नहर पुल पर जाम लगाकर हंगामा किया। इस दौरान अतुल कश्यप निवासी नगला तुर्क सहादतपुर कुरावली, राज कुमार उर्फ राजू यादव निवासी नगला अलाई थाना करहल, विनय कश्यप निवासी नगला पांडेय थाना बेवर, विकास निवासी नगला धनसिंह थाना कुर्रा ने भड़काया तो लोगों ने प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए।
जाम खुलवाने के दौरान लोगों ने पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की करते हुए गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोपितों ने तखरऊ चेकपोस्ट में घुसकर कुर्सियां तोड़ दी थीं।
14 फरवरी की शाम को नहर में कूदे युवक का शव इटावा जिले में मिला था। दूसरे दिन 15 फरवरी को मछुआरे राजू का भी शव बिलिंदा झाल के निकट से बरामद हो गया था।
इसके बाद राज उर्फ राजू यादव ने 50-60 लोगों को पुल पर एकत्र किया और शव लखनऊ एक्सप्रेसवे के 96 किमी पर ले जाकर जाम लगा दिया। पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
कुर्रा इंस्पेक्टर विक्रांत सिंह गुर्जर ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है। सभी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Pages:
[1]