deltin33 Publish time 2 hour(s) ago

शिमला-मटौर हाईवे पर कार ने रौंदा व्यक्ति, घुमारवीं के पास पशुओं को खदेड़ते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/Bilaspur-Car-Accident-1771315545650_m.webp

घुमारवीं में कार हादसे का शिकार हुए कर्म चंद का फाइल फोटो



संवाद सहयोगी, घुमारवीं (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में एक दर्दनाक हादसे में व्यक्ति की मौत हो गई। मटौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह यह हादसा हुआ। सेऊ गांव के समीप खेतों से बैलों को खदेड़ते समय एक तेज रफ्तार कार ने व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
खेतों से हाईवे पर आते ही हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार सेऊ निवासी 42 वर्षीय कर्म चंद मंगलवार सुबह अपने खेतों से बैलों को बाहर निकाल रहा था। बैलों को खदेड़ते हुए वह अचानक मटौर-शिमला हाईवे पर पहुंच गया। इसी दौरान दधोल की ओर से आ रही एक कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कर्म चंद उछलकर सड़क पर जा गिरा और लहूलुहान हो गया।
एम्स बिलासपुर में तोड़ा दम

हादसे के बाद कार चालक ने इंसानियत दिखाते हुए तुरंत घायल को अपनी गाड़ी में डाला और घुमारवीं अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया। एम्स में इलाज के दौरान कर्म चंद ने दम तोड़ दिया।
गांव में माहौल गमगीन

मृतक पेशे से किसान था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पेट पालता था। ग्रामीणों ने बताया कि कर्म चंद बहुत ही मिलनसार व्यक्ति था। उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

डीएसपी घुमारवीं विशाल वर्मा का कहना है कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके और अस्पताल का दौरा किया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर स्वजन को सौंप दिया गया है। कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: हिमाचल में जमीन के बेनामी सौदों की SIT करेगी जांच, विधानसभा में CM सुक्खू बोले- गगरेट से जुड़े गिरोह पर होगी कार्रवाई
Pages: [1]
View full version: शिमला-मटौर हाईवे पर कार ने रौंदा व्यक्ति, घुमारवीं के पास पशुओं को खदेड़ते वक्त हुआ दर्दनाक हादसा