Chikheang Publish time 2 hour(s) ago

भागलपुर में गर्मी में नहीं होगी पेयजल की किल्लत, मार्च में नए वाटर वर्क्स से जलापूर्ति का लक्ष्य

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/Bhagalpur-News-(58)-1771285420514_m.webp

नगर निगम में समीक्षा बैठक करते नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा। फोटो जागरण



जागरण संवाददाता, भागलपुर। शहरी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को निगम सभागार में अहम बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर आयुक्त किसलय कुशवाहा ने की।

उन्होंने पथ निर्माण विभाग (आरसीडी), बुडको, बिजली विभाग और नगर निगम भागलपुर के अधिकारियों को समन्वय बनाकर योजनाबद्ध तरीके से कार्य कराने का निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बीते बैठक में दिए गए लक्ष्यों की समीक्षा करते हुए अनुपालन रिपोर्ट मांगी और स्पष्ट किया कि समयसीमा में कार्य पूरा नहीं होने पर जवाबदेही तय की जाएगी।
15 दिन में पाइपलाइन कार्य पूरा कर आरसीडी को करें हैंडओवर

बैठक में बताया गया कि नाथनगर और दक्षिणी क्षेत्र में पाइप बिछाने के लिए सड़क कटिंग की एनओसी आरसीडी द्वारा दी गई थी। इन क्षेत्रों में बुडको को 15 दिनों के भीतर कार्य पूरा कर सड़क आरसीडी को हैंडओवर करने का निर्देश दिया गया। मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत जारी निविदा की जानकारी बुडको के परियोजना निदेशक राजेश कुमार से ली गई और समय पर कार्य पूरा कराने को कहा गया।

इशाकचक से लेकर वार्ड 49 से 51 तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि मार्च माह में हर हाल में नए वाटर वर्क्स से जलापूर्ति शुरू हो जानी चाहिए, ताकि गर्मी में शहरवासियों को जलसंकट का सामना न करना पड़े।

नाथनगर की 250 मीटर सड़क पर एनओसी लेकर पानी कनेक्शन का कार्य किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होते ही सड़क आरसीडी को सौंप दी जाएगी। पैकेज-2 जलापूर्ति योजना में पाइपलाइन बिछाने और घर-घर कनेक्शन का कार्य मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बिजली विभाग को पोल शिफ्टिंग व सर्वे का निर्देश

बिजली विभाग को सड़क किनारे बेकार पड़े पोल हटाने और बाधक बन रहे पोल को शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पोल पर अवैध प्रचार सामग्री लगाने वालों की पहचान कर प्राथमिकी दर्ज करने को कहा गया। अंडरग्राउंड केबलिंग के दौरान सड़क कटिंग से स्मार्ट सड़कों को नुकसान पहुंचने पर नाराजगी जताते हुए नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि किसी भी कार्य से पहले निगम और स्मार्ट सिटी से एनओसी लेना अनिवार्य होगा।
स्मार्ट सिटी के मानक के अनुरूप कराएं मरम्मत कार्य

जहां भी सड़क कटिंग की जा रही है, संबंधित विभाग को स्मार्ट सिटी मानक के अनुरूप सड़क मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया। मायागंज मार्ग में भी बुडको को स्मार्ट सिटी मानक के अनुसार कार्य करना होगा। आरसीडी के अभियंता को सात स्थानों पर सड़क पुनर्निर्माण का लक्ष्य दिया गया था, जिसमें पांच स्थानों पर कार्य पूरा हो चुका है।

शेष दो स्थानों के लिए विभाग ने एक माह का समय मांगा, लेकिन नगर आयुक्त ने 28 फरवरी तक हर हाल में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में स्पष्ट किया गया कि सभी विभाग समन्वय बनाकर समयबद्ध ढंग से कार्य करें, ताकि शहर में विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक शीघ्र पहुंच सके।
Pages: [1]
View full version: भागलपुर में गर्मी में नहीं होगी पेयजल की किल्लत, मार्च में नए वाटर वर्क्स से जलापूर्ति का लक्ष्य