cy520520 Publish time 2 hour(s) ago

आज से CBSE 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू, 43 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/17/article/image/CBSE-(2)-1771285839644_m.webp

सीबीएसई 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होंगी।



जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी 2026 से शुरू होने जा रही हैं। परीक्षा से ठीक पहले बोर्ड ने भ्रामक जानकारियों और प्रश्नपत्र लीक जैसी अफवाहों को लेकर निर्देश जारी किया है और विद्यार्थियों-अभिभावकों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

बोर्ड अधिकारियों ने कहा कि दोनों कक्षाओं को मिलाकर 4367870 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में बैठेंगे। 10वीं में कुल 2508319 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे और 12वीं में 1859551 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

आंकड़ों के अनुसार, कक्षा 10वीं में 1408546 छात्र और 1099773 छात्राएं परीक्षा देंगी। वहीं, 12वीं में 1027552 छात्र और 831999 छात्राएं परीक्षा देंगी। कक्षा 10वीं की परीक्षा 83 विषयों में आयोजित की जाएगी, जबकि 12वीं की परीक्षा 120 विषयों में होगी। देशभर में 10वीं के लिए 8075 और 12वीं के लिए 7574 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों को देखते हुए बोर्ड ने परीक्षा के सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। सीबीएसई ने स्पष्ट किया है कि हर वर्ष कुछ असामाजिक तत्व इंटरनेट मीडिया पर प्रश्नपत्र लीक होने के झूठे दावे फैलाते हैं। कई बार कथित प्रश्नपत्र वायरल किए जाते हैं, जो पूरी तरह भ्रामक होते हैं और छात्रों में अनावश्यक तनाव पैदा करते हैं।
बोर्ड ने हितधारकों से की अपील

बोर्ड ने सभी हितधारकों से अपील की है कि वे अप्रमाणित जानकारियों पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे साझा करें। परीक्षा प्रक्रिया को बाधित करने या भ्रामक सूचना फैलाने वालों के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीबीएसई ने आश्वस्त किया है कि पूर्व वर्षों की तरह इस बार भी प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, केंद्रों की निगरानी और सुरक्षा के लिए सुदृढ़ व्यवस्था लागू है।

प्रामाणिक जानकारी और आधिकारिक अपडेट के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और क्षेत्रीय कार्यालयों से ही संपर्क करने की सलाह दी गई है। बोर्ड ने छात्रों से शांत मन से परीक्षा देने और इंटरनेट मीडिया पर वायरल किसी भी अपुष्ट जानकारी से दूर रहने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- 10वीं-12वीं की बोर्ड परीक्षा से पहले CBSE ने जारी किया अहम नोटिस, फर्जी पेपर लीक के दावों पर सख्त चेतावनी
Pages: [1]
View full version: आज से CBSE 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं शुरू, 43 लाख से अधिक परीक्षार्थी होंगे शामिल