पानीपत जिला परिषद चुनाव: ज्योति शर्मा के नाम निकली जीत की पर्ची, जश्न में डूबे समर्थक
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/Zila-Parishad-election-1771233336182_m.webpजिला परिषद की प्रधान बनी ज्योति शर्मा (प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, पानीपत। करीब आठ माह से खाली चल रहे पानीपत जिला परिषद के प्रधान पद पर आखिरकार सोमवार को चुनाव प्रक्रिया पूरी हुई। जिला लघु सचिवालय में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में मतदान कराया गया। प्रधान पद के लिए सुदेश और ज्योति शर्मा मैदान में थीं।
चुनाव में कुल 17 मत थे, जिनमें से एक मत पहले से ही रद्द घोषित था। शेष 16 मतदाताओं ने ईवीएम के माध्यम से अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए दोनों प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला किया। मतगणना के दौरान दोनों उम्मीदवारों को बराबर 8-8 वोट प्राप्त हुए, जिससे मुकाबला बेहद रोमांचक हो गया।
बराबरी की स्थिति बनने पर नियमानुसार पर्ची के माध्यम से विजेता का चयन किया गया। पर्ची में ज्योति शर्मा का नाम निकलने पर उन्हें विजेता घोषित किया गया। परिणाम घोषित होते ही उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई और जिला परिषद कार्यालय में बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। प्रधान चुने जाने के बाद ज्योति शर्मा ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि वह सभी को साथ लेकर विकास कार्यों को गति देंगी।
Pages:
[1]