LHC0088 Publish time 1 hour(s) ago

Holi 2026: होली पर घर वापसी होगी आसान, यूपी रोडवेज बढ़ाएगा बसों के फेरे

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/up-roadways-(1)-1771233343688_m.webp



जागरण संवाददाता, पीलीभीत। रंगों के पर्व होली पर अपनों के पास घर पहुंचने की राह अब और भी सुगम होने वाली है। त्यौहार के दौरान होने वाली यात्रियों की भारी भीड़ और बस स्टैंडों पर लगने वाली लंबी कतारों को देखते हुए परिवहन निगम (रोडवेज) ने कमर कस ली है। डिपो ने यात्रियों की सुविधा के लिए 20 फरवरी से बसों के फेरे बढ़ाने का निर्णय लिया है, ताकि किसी भी मुसाफिर को घंटों इंतजार न करना पड़े।

त्योहारों के समय अक्सर दिल्ली, लखनऊ और बरेली जैसे बड़े शहरों से आने और जाने और यहां से अन्य जिलों में जाने वाले यात्रियों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। इसी दबाव को कम करने के लिए परिवहन निगम ने योजना तैयार की है। इसके तहत न केवल बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे, बल्कि रूटों पर बसों की उपलब्धता की निरंतर निगरानी भी की जाएगी।

डिपो के पास वर्तमान में कुल 108 बसों का बेड़ा है, जो दिल्ली, मथुरा, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मुरादाबाद, रामपुर, इलाहाबाद, टनकपुर, हरिद्वार, शाहजहांपुर, बदायूं और बरेली सहित तमाम प्रमुख स्थानों पर बसों का संचालन हो रहा है। विभाग का मुख्य ध्यान उन रूटों पर है जहां होली के दौरान सबसे ज्यादा मारामारी रहती है। विशेष रूप से लोकल रूटों पर चलने वाली बसों के फेरे बढ़ाए जा रहे हैं ताकि ग्रामीण क्षेत्रों और नजदीकी शहरों के यात्रियों को तुरंत साधन मिल सके।

परिवहन निगम का प्रयास है कि यात्रियों को बस स्टैंड पर अधिक समय न बिताना पड़े और वे सुरक्षित व समय से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। अतिरिक्त बसों के संचालन से उन लोगों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी जो निजी वाहनों की कमी या निजी बसों के महंगे किराए के कारण परेशान होते थे। डिपो प्रशासन ने कर्मचारियों और चालकों को भी त्यौहार के दौरान मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।




होली के त्यौहार को देखते हुए यात्रियों की भीड़ बढ़ना स्वाभाविक है। विभाग ने यह सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं कि किसी भी रूट पर यात्रियों को बसों की कमी महसूस न हो। हमने अतिरिक्त फेरे लगाने की योजना बनाई है, इससे यात्रियों को समय पर बस सेवा मिल सकेगी और उनका सफर आरामदायक होगा। विशेष रूप से स्थानीय मार्गों पर अतिरिक्त ध्यान दिया जा रहा है।- विपुल पाराशरी, एआरएम पीलीभीत




यह भी पढ़ें- पीलीभीत एसपी आवास के पास बंद मकान से चोरी, दिल्ली दवा लेने गया था परिवार
Pages: [1]
View full version: Holi 2026: होली पर घर वापसी होगी आसान, यूपी रोडवेज बढ़ाएगा बसों के फेरे