LHC0088 Publish time 1 hour(s) ago

अमृतसर में दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या, सास-ससुर व जेठानी गिरफ्तार

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/Dowry-1771220809510_m.webp

अमृतसर में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या। सांकेतिक तस्वीर



जागरण संवाददाता, अमृतसर। थाना ब्यास के तहत आते बुड्ढा थेह गांव में दहेज कम लाने पर ससुराल वालों पर विवाहिता की हत्या का आरोप है। परिवार ने आरोप लगाया कि 25 वर्षीय रमनदीप कौर की पहले मारपीट की गई और फिर शव रस्सी से टांगकर घर के पीछे खेतों की तरफ लटका दिया गया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर सरदूल सिंह ने बताया कि देर रात दहेज हत्या के मामले में ससुर जोगिंदर सिंह, सास कश्मीर कौर और जेठानी रुपिंदर कौर को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों को सोमावर की सुबह अमृतसर की अदालत में पेश किया जाएगा।

झाल ठीकरी कपूरथला गांव निवासी रछपाल सिंह की पत्नी नवदीप कौर की शिकायत पर थाना ब्यास की पुलिस ने बुड्ढा थेह गांव निवासी व उसके जीजा जगजीत सिंह, पिता जोगिंदर सिंह, सास कश्मीर कौर, ननद हरप्रीत कौर, जेठानी रुपिंदर कौर के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपित फरार हैं।

नवदीप कौर ने ब्यास थाने की पुलिस को शिकायत में बताया कि उन्होंने बहन रमनदीप कौर की शादी तीन साल पहले रमीदी गांव निवासी जगजीत सिंह के साथ की थी। जगजीत और उसके परिवार को हैसियत के मुताबिक दहेज दिया था। बहनोई कारपेंटर था और उसका कारोबार इतना अच्छा नहीं चल रहा था। शादी के कुछ दिन बाद ही ससुरालवालों ने बहन को परेशान करना शुरू कर दिया था। कई बार रमनदीप कौर को पीटने के बाद घर से निकाल दिया गया था।

मायका परिवार बेटी को समझाकर उसे फिर ससुराल छोड़ आते थे। पांच महीने पहले रमनदीप ने बेटे को जन्म दिया था। अब परिवार को लगने लगा था कि औलाद होने के बाद ससुरालवालों को कुछ समझ आ जाए, लेकिन वह जस के तस ही रहे।

नवदीप ने बताया कि तीन महीने से रमनदीप कौर का पति जगजीत सिंह घर से लापता है। बहन काफी परेशान थी। एक महीना पहले जगजीत का फोन आया कि वह मलेशिया आ गया है और अब वहीं रहेगा। इसके बाद आरोपितों ने रमनदीप कौर पर जुल्म बढ़ा दिए। 15 दिन पहले भी इसी बात पर विवाद हुआ था।

शनिवार को बहन के पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर जानकारी दी कि उनकी बहन की मौत हो गई है। इसके बाद वह तुरंत बहन के ससुराल पहुंचे तो उसका शव घर के पीछे खेतों की तरफ तार से लटका पड़ा था। जब पुलिस ने वहां पहुंच कर रमनदीप का शव नीचे उतारा तो उसकी एक टांग टूटी थी। शरीर के कई हिस्सों में चोटों के निशान थे। परिवार ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने हत्या कर रमनदीप को आत्महत्या दिखाने का प्रयास किया है।
Pages: [1]
View full version: अमृतसर में दहेज के लिए विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या, सास-ससुर व जेठानी गिरफ्तार