लखीमपुर में चार मैरिज के पास NOC, बाकी अवैध संचालन, अनदेखी से शहर की सड़कों पर रोजाना लग रहा जाम
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/Marriage-Garden-1771151654291_m.webpधर्मेंद्र वर्मा, लखीमपुर। शहर में मैरिज लान खोलने की होड़ इस कदर मची हुई है कि लगभग हर सड़क, गली और चौराहे पर नए मैरिज लान संचालित हो रहे हैं। लेकिन नियमों की बात करें तो जिले में केवल चार मैरिज लान ही ऐसे हैं, जिन्हें प्रशासन से एनओसी प्राप्त है। इसके बावजूद सैकड़ों मैरिज लान बिना किसी वैध अनुमति के धड़ल्ले से संचालित किए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार डीसी रोड स्थित राजमहल मैरिज लान, विकास भवन के सामने स्थित सूर्या मैरिज लान, गोला रोड पर स्थित सुमित्रा मैरिज लान और राज मैरिज लान को ही एनओसी दी गई है। इन चारों को छोड़कर शेष अधिकांश मैरिज लान आवश्यक मानकों को पूरा नहीं करते, फिर भी वहां नियमित रूप से मांगलिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
क्या कहते हैं नियम?
नियमानुसार किसी भी मैरिज लान के अंदर पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था होना अनिवार्य है। साथ ही मैरिज लान के बाहर कम से कम 12 मीटर चौड़ी सड़क, फायर सेफ्टी व्यवस्था, जल निकासी और यातायात प्रबंधन से जुड़े मानकों का पालन भी जरूरी है। लेकिन अवैध रूप से संचालित मैरिज लान इन नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं।
अधिकांश मैरिज लान छोटी जगह पर या बिना मानक पूरे किए संचालित हो रहे हैं। कार्यक्रम में आए मेहमानों की गाड़ियां सड़कों पर खड़ी कर दी जाती हैं, जिससे कई बार घंटों लंबा जाम लग जाता है। इससे न केवल आम लोगों को परेशानी होती है, बल्कि एंबुलेंस और आपात सेवाओं के आवागमन में भी दिक्कत आती है।
यह भी पढ़ें- 84 कोसी परिक्रमा रोड से मिलेगा \“संजय पुल\“ का विकल्प, भूमि अधिग्रहण पूरा, प्रोजेक्ट में खर्च होंगे 1192 करोड़
हैरानी की बात यह है कि जिन मैरिज लान को अवैध बताया जा रहा है, उनसे नगर पालिका कमर्शियल टैक्स वसूला जा रहा है। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। शहरवासियों की मांग है कि अवैध मैरिज लान पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
Pages:
[1]