बलदेव नगर थाने को उड़ाने की साजिश मामले में SIT ने पाकिस्तानी शहजाद को बताया मास्टरमाइंड, अब NIA करेगी आगे की जांच
https://www.jagranimages.com/images/2026/02/16/article/image/download-1771187224746_m.webpजागरण संवाददाता, अंबाला। बलदेव नगर थाने को उड़ाने की साजिश प्रकरण में एसपी द्वारा गठित एसआईटी की जांच पूरी हो गई है। एसआईटी ने इस पूरे मामले में पाकिस्तानी शहजाद भट्टी को ही मास्टरमाइंड करार दिया है। टीम ने यह रिपोर्ट एसपी को सौंप दी है और अब आगे की जांच एनआईए करेगी।
अभी तक इस मामले में अंबाला पुलिस 7 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इनमें पटियाला निवासी आरोपित कर्मजीत, फिरोजपुर पंजाब निवासी आरोपित सौरभ व उसका भाई आकाश, फिरोजपुर निवासी रमन,अमरजीत, सत्यम व सुखदेव शामिल हैं। उधर इस मामले में बलदेव नगर थाने में आरोपित कर्मजीत ने जो गाड़ी खड़ी की थी उसमें रखी गई विस्फोटक सामग्री की एक महीना बीत जाने के बाद भी एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार है।
इसके बाद ही पुष्टि हो सकेगी कि विस्फोटक किस प्रकार का था और उसका मार्का क्या था। पकड़े गए सभी आरोपितों के तार पाकिस्तानी शहजाद भट्टी से ही जुड़े पाए गए हैं। पाकिस्तान की सीमा से सटे गांव के युवाओं को शहजाद भट्टी संपर्क करता और आरोपित सत्यम,सुखदेव, अमरजीत व रमन से भारत के सिम खरीदता।
जांच में यह भी पता चला है कि इन सिम के बदले आरोपित शहजाद भट्टी उक्त आरोपितों के पास डिमांड के अनुसार नशा भेज देता था। बता दें कि आरोपितों ने साजिश के तहत 10 जनवरी को अंबाला शहर बलदेव नगर थाने में 5-5 किलो के गैस सिलिंडर रखे व उनके साथ विस्फोटक सामग्री रखकर गाड़ी में आग लगाकर उसकी वीडियो बनाई थी।
इसके बाद आरोपित कर्मजीत थाने से निकल गया था। लेकिन यह आग सिलिंडर तक नहीं पहुंच पाई थी क्योंकि उनपर रेगुलेटर लगे हुए थे। बाद में आरोपितों ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दी थी।
Pages:
[1]