cy520520 Publish time 1 hour(s) ago

अलीगढ़ में खौफनाक वारदात: खेत गए किसान की धारदार हथियार से गोदकर की गई निर्मम हत्या, इलाके में फैली सनसनी

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/download-1771178412519_m.webp

प्रतीकात्मक तस्वीर



संवाद सूत्र, जागरण अलीगढ़। गांव घौरोठ में खेत पर घूमने गए किसान की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। वहीं, स्वजन ने किसी भी रंजिश से इनकार किया है।

गांव के 35 वर्षीय विनय कुमार उर्फ ग्रीशपाल सिंह पुत्र स्व. नाहर सिंह के गांव के बाहर नहर किनारे खेत हैं। जबकि पास में ही उनके परिवार के लोगों के खेत व नलकूप लगा है। जिन्हें विनय ने ही लेकर गेहूं की फसल कर रखी है। रविवार शाम को करीब 4:30 बजे वह खेतों पर घूमने की कहकर घर से चले गए।

करीब 5:30 बजे टहलने गए गांव के युवकों ने नलकूप की कोठरी के पास खेतों में उन्हें चारपाई पर लेटा देखा तो शक हुआ। जब ग्रामीण पास पहुंचे तो लहुलुहान हालत में देख उनकी चीख निकल पड़ी। उनके सीने पर किसी धारदार हथियारों से बार करने के निशान थे।

शोर-शराबा सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। जानकारी पर स्वजन मौके पर पहुंच गए। सूचना पर सीओ धनजंय व थाना प्रभारी सचिन कुमार पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए और जानकारी जुटाई। विनय छह भाई बहनों में तीसरे नंबर के थे और दो बच्चों के पिता थे।

उनके पिता नाहर सिंह की सवा साल पहले बीमारी के चलते निधन हो चुका है। सीओ धनंजय कुमार ने बताया कि किसी धारदार हथियार से किसान की हत्या की गई है। गायब मोबाइल फोन की तलाश की जा रही है। जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर घटना का राजफाश किया जाएगा।

बेखौफ होकर हमलावारों ने दिया वारदात को अंजाम

घटना स्थल से कुछ दूरी पर ही खेतों में आलू खुदाई का काम चल रहा था, जबकि पास से गुजर रहे रास्ते से भी लोगों का आवगमन लगा रहता है। इसके बावजूद हमलावर निर्भीक होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

किसान का मोबाइल फोन गायब

स्वजन ने बताया कि विनय खेतों पर मोबाइल फोन साथ लेकर गए थे, लेकिन वह गायब है। जबकि कॉल करने पर वह बंद जा रहा है। इसके अलावा, चारपाई के पास सफेद रंग का एक रूमाल भी मिला है, जो विनय का नहीं है। पुलिस इसे भी साक्ष्य के रूप में कब्जे में लेकर जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- बेटी की डोली से पहले उठी पिता की अर्थी: घर से विदाई की जिद पूरी न होने पर पिता ने फंदा लगाकर दे दी जान
Pages: [1]
View full version: अलीगढ़ में खौफनाक वारदात: खेत गए किसान की धारदार हथियार से गोदकर की गई निर्मम हत्या, इलाके में फैली सनसनी