cy520520 Publish time Yesterday 23:26

जलपाईगुड़ी से किडनैप कर 6 साल के बच्चे को 1.5 लाख में बेचा, पूर्णिया में पुलिस ने किया बरामद

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/PURNEA-CRIME-NEWS-(14)-1771178485221_m.webp

पुलिस की गिरफ्त में खरीददार और अपहरकर्ता और बरामद बच्चा। (जागरण)



जागरण संवाददाता, पूर्णिया। पूर्णिया और पश्चिम बंगाल की पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में मानव तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है।

रविवार तड़के पूर्णिया शहर के ऐतिहासिक रंगभूमि मैदान में छापेमारी कर पुलिस ने जलपाईगुड़ी से अगवा किए गए 6 वर्षीय मासूम बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।

इस मामले में पुलिस ने बच्चे को खरीदने वाले एक जड़ी-बूटी विक्रेता और अपहरणकर्ता को गिरफ्तार किया है। मामले की जड़ें पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले से जुड़ी हैं।

जानकारी के अनुसार, जलपाईगुड़ी के माल बाजार थाना क्षेत्र से 14 फरवरी को इस 6 वर्षीय बच्चे का अपहरण किया गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की, जिससे पता चला कि अपहरणकर्ता बच्चे को लेकर बिहार के पूर्णिया की ओर निकला है।

बंगाल पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया, जिसकी निशानदेही पर सारा सच सामने आ गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि अपहरणकर्ता ने बच्चे को पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में टेंट लगाकर जड़ी-बूटी बेचने वाले सुरेश सिंह को बेच दिया था।

सुरेश सिंह, जो मूल रूप से यूपी के मुजफ्फरनगर के रहने वाले हैं, उसने संतान सुख न होने के कारण बच्चे को खरीदने के लिए 1.50 लाख रूपये का सौदा किया था।

पुलिस के अनुसार सुरेश ने अपहरणकर्ता को मोटी रकम का लालच देकर बच्चा मंगाया था। बंगाल पुलिस की टीम ने पूर्णिया के के हाट थाने पुलिस के सहयोग से रविवार की अहले सुबह रंगभूमि मैदान में स्थित अस्थाई टेंटों में छापेमारी की। जिस वक्त पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी सुरेश सिंह बच्चे के पास ही सोया हुआ था। पुलिस ने तुरंत बच्चे को अपने संरक्षण में लिया और सुरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

इस खुलासे के बाद पुलिस ने शहर के अन्य हिस्सों, जैसे पॉलिटेक्निक चौक और अन्य चौराहों पर चल रहे जड़ी-बूटी के ठिकानों पर भी सघन छापेमारी की है।

पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या शहर में इस तरह के और भी गिरोह सक्रिय हैं जो बच्चों की खरीद-फरोख्त में शामिल हैं। फिलहाल, कानूनी प्रक्रिया पूरी कर बच्चे को वापस बंगाल भेजने की तैयारी की जा रही है।
Pages: [1]
View full version: जलपाईगुड़ी से किडनैप कर 6 साल के बच्चे को 1.5 लाख में बेचा, पूर्णिया में पुलिस ने किया बरामद