cy520520 Publish time Yesterday 23:26

दिल्ली से गुरु का सोना लेकर भागे चेले को महाराष्ट्र से पकड़ा, 440 ग्राम गोल्ड और नकदी बरामद

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/Arrest-(2)-1771177835720_m.webp

440 ग्राम सोना और नकदी लेकर फरार आरोपी गिरफ्तार।



जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी जिले की पुलिस टीम ने एक बड़ी सेंधमारी और चोरी के मामले को सुलझाते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के पास से चोरी किया गया लगभग 440 ग्राम सोना और नकदी बरामद कर ली है। इस मामले में पुलिस ने चोरी की गई संपत्ति का 90 प्रतिशत से अधिक हिस्सा बरामद करने में सफलता हासिल की है।

उपायुक्त डी शरद भास्कर ने बताया कि 4 फरवरी को राजौरी गार्डन थाने में चोरी की एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता, जो महाराष्ट्र के यवतमाल जिले की रहने वाली एक ट्रांसजेंडर हैं, ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली के राजौरी गार्डन स्थित क्वात्रा टेंट में आयोजित एक ट्रांसजेंडर सम्मेलन में शामिल होने आई थीं।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि 2 फरवरी को जब वह एक पंचायत कार्यक्रम में व्यस्त थीं, तभी उनका शिष्य उनके बैग से करीब 440 ग्राम सोने के गहने और 40,000 रुपये नकद लेकर फरार हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सबसे पहले आरोपित के नागपुर स्थित आवास पर छापेमारी की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से आरोपित का लगातार चार दिनों तक पीछा किया गया और अंततः उसे नागपुर के ही उसके एक ठिकाने से पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान 25 वर्षीय आरोपित कुंदन अनिल पाटिल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह अपने गुरु द्वारा डांटे जाने से नाराज था, जिसके कारण उसने इस चोरी को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से चुराए हुए एक सोने का हार, एक बाजूबंद, दो झुमके, तीन अंगूठियां, दो चेन और नौ छोटी सोने की वस्तुओं के साथ ही 41,000 रुपये नगद और एक रेडमी मोबाइल फोन बरामद की है। पुलिस फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में 500 रुपये के विवाद में युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार
Pages: [1]
View full version: दिल्ली से गुरु का सोना लेकर भागे चेले को महाराष्ट्र से पकड़ा, 440 ग्राम गोल्ड और नकदी बरामद