Chikheang Publish time Yesterday 22:57

ओडिशा पुलिस का बड़ा एक्शन, ‘ऑपरेशन साइबर कवच ’ में 73 म्यूल बैंक खातों का हुआ वेरिफिकेशन; 6 गिरफ्तार

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/odisha-police-news-(1)-1771177259871_m.webp

ओडिशा पुलिस की बड़ी कार्रवाई। (AI Generated Image)



जागरण संवाददाता, अनुगुल। ओडिशा में बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन साइबर कवच’ के तहत ओडिशा पुलिस ने व्यापक कार्रवाई करते हुए 73 म्यूल (फर्जी/किराये पर संचालित) बैंक खातों का सत्यापन किया है। इस दौरान छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि कई अन्य संदिग्धों को कानूनी नोटिस जारी किए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर राज्य के विभिन्न जिलों में एक साथ समन्वित अभियान चलाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में साइबर थानों और जिला पुलिस की संयुक्त टीमों ने बैंक खातों के जरिए संचालित साइबर ठगी नेटवर्क की कड़ियों को खंगाला।
जिलावार कार्रवाई का ब्यौरा

अभियान के दौरान बौध जिले में 45 म्यूल खातों का सत्यापन किया गया। इस संबंध में एक नया साइबर अपराध मामला दर्ज किया गया तथा 45 संबंधित खाताधारकों को नोटिस जारी किए गए। मलकानगिरी में 20 संदिग्ध खातों की जांच कर एक नया प्रकरण दर्ज किया गया।

सुंदरगढ़ में दो खातों का सत्यापन कर उन्हें पूर्व में दर्ज एफआईआर से जोड़ा गया। यहां से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

कटक शहरी क्षेत्र में छह म्यूल खातों की पुष्टि कर संबंधित व्यक्तियों को नोटिस भेजे गए। कुल मिलाकर तीन नए साइबर अपराध मामले दर्ज किए गए, दो मामलों को पहले से दर्ज एफआईआर से जोड़ा गया और 51 से अधिक कानूनी नोटिस जारी किए गए।
क्या होते हैं म्यूल बैंक खाते

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, म्यूल बैंक खाते वे खाते होते हैं जिन्हें साइबर अपराधी लालच या धोखे से दूसरों के नाम पर खुलवाकर ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल करते हैं।

इन खातों के जरिए ऑनलाइन फ्रॉड, निवेश धोखाधड़ी, डिजिटल लोन ठगी और फिशिंग जैसे अपराधों की रकम को इधर-उधर किया जाता है, जिससे मुख्य आरोपियों तक पहुंचना कठिन हो जाता है।
नेटवर्क तोड़ने पर फोकस

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल खातों की पहचान करना नहीं, बल्कि पूरे वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करना है। बैंकिंग और टेलीकॉम संसाधनों के दुरुपयोग पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी तंत्र सक्रिय किया गया है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध लेन-देन, अनजान कॉल या संदिग्ध बैंक खाते की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर दें। साथ ही, अपना बैंक खाता किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।

राज्य पुलिस का कहना है कि ‘ऑपरेशन साइबर कवच’ आगे भी जारी रहेगा और साइबर ठगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Pages: [1]
View full version: ओडिशा पुलिस का बड़ा एक्शन, ‘ऑपरेशन साइबर कवच ’ में 73 म्यूल बैंक खातों का हुआ वेरिफिकेशन; 6 गिरफ्तार