cy520520 Publish time 2 hour(s) ago

AI Summit 2026: एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री समय से निकलें, भारी वाहनों की एंट्री बंद व कई रूट डायवर्ट

https://www.jagranimages.com/images/2026/02/15/article/image/AI-Summit-traffic-diversion-1771165520004_m.webp

भारत मंडपम में इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 के तहत मथुरा रोड की मरम्मत करते कामगार। चंद्रप्रकाश मिश्र   



जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी में 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में एआई समिट-2026 का भव्य आयोजन होगा, जिसमें दुनिया भर से राष्ट्राध्यक्ष, मंत्री और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के शीर्ष प्रतिनिधि शिरकत करेंगे। इस हाई प्रोफाइल सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक को लेकर पुख्ता इंतजाम किए हैं। आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजधानी की ट्रैफिक व्यवस्था में व्यापक बदलाव लागू किए गए हैं।
एंट्री सीमित या पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी

ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक, सम्मेलन के दौरान विशेष तौर पर नई दिल्ली जिला और आसपास के वीवीआईपी मूवमेंट वाले इलाकों में वाहनों की आवाजाही पर कड़ा नियंत्रण रहेगा। कई प्रमुख सड़कों को कंट्रोल्ड जोन घोषित किया गया है, जहां सामान्य वाहनों की एंट्री सीमित या पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
कई अहम सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा

समिट के दौरान मथुरा रोड (सुभाष चंद्र बोस मार्ग टी-प्वाइंट से लोधी रोड फ्लाईओवर तक), जनपथ, तुगलक रोड, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, फिरोजशाह रोड, संसद मार्ग, कर्तव्य पथ, लोधी रोड, सरदार पटेल मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, सी-हेक्सागन, डाॅ. जाकिर हुसैन मार्ग, सिकंदर रोड, कौटिल्य मार्ग, भगवन दास रोड और तिलक मार्ग सहित कई अहम सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा। इन इलाकों में सामान्य वाहनों का प्रवेश तय समय और परिस्थितियों के अनुसार प्रतिबंधित किया जाएगा।
भारी वाहनों पर पूरी तरह रोक

बिना गंतव्य वाले ट्रकों और अन्य भारी वाहनों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे वाहनों को अनिवार्य रूप से ईस्टर्न और वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ दिया जाएगा।

इससे राजधानी के भीतर ट्रैफिक दबाव कम होगा और जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा। एयरपोर्ट और विभिन्न रेलवे स्टेशनों तक जाने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।

ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे समय से पहले घर से निकलें और ट्रैफिक अपडेट देखकर ही यात्रा की योजना बनाएं। खास तौर पर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो सेवा का अधिकतम इस्तेमाल करने की अपील की गई है, ताकि सड़क पर ट्रैफिक का बोझ कम हो।
मेट्रो बनेगी सबसे भरोसेमंद साधन

समिट के दौरान मेट्रो रेल सेवा पूरी तरह सामान्य रहेगी और सभी स्टेशनों पर ट्रेनें तय समय के अनुसार चलेंगी। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि मेट्रो यात्रा सबसे सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक विकल्प है। वहीं, बस सेवाओं को वीवीआइपी मूवमेंट के दौरान आवश्यकतानुसार डायवर्ट किया जाएगा।

वीवीआईपी मार्गों पर स्थित 10 स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष नोडल अधिकारी तैनात किए हैं। इन अधिकारियों का काम छात्रों और स्टाफ को तय वैकल्पिक मार्गों से परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित और समय पर पहुंचाना होगा। स्कूल प्रबंधन से समन्वय कर रूट प्लान साझा किए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
आम जनता से सहयोग की अपील

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, सड़क किनारे अवैध पार्किंग से बचें और सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें। यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देखें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मेडिकल इमरजेंसी, एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं की आवाजाही हर हाल में निर्बाध रखी जाएगी।

यह भी पढ़ें- AI समिट के लिए दिल्ली में लग्जरी कारों की बंपर डिमांड, 50% तक बढ़ा किराया; कई राज्यों से की गई बुकिंग

यह भी पढ़ें- भारत मंडपम में AI इम्पैक्ट समिट की तैयारी अंतिम चरण में, थालियों में परोसेंगे कई राज्यों का व्यंजन; झलकेगी भारतीयता
Pages: [1]
View full version: AI Summit 2026: एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री समय से निकलें, भारी वाहनों की एंट्री बंद व कई रूट डायवर्ट